सुन्नी ( हरीश गौतम ) 28 सितंबर, 2022: जिला शिमला के पुलिस थाना सुन्नी के अंतर्गत क्षेत्र में एक कंपनी द्वारा RD और FD के नाम से ठगी का मामला सामने आया है । ठगी का शिकार लोगों का आरोप है कि सुन्नी में हिम संचय क्रेडिबल नाम से खुली कंपनी ने लोगों के लगभग ढाई करोड़ रुपए एंठ लिए हैं। तेजवंती शर्मा पत्नी तिलक राम शर्मा गांव जैशी भराड़ा तहसील सुन्नी ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है कि वर्ष 2018 में शुभम शर्मा पुत्र राजीव शर्मा गांव व तहसील सुन्नी जिला शिमला ने हिमसंचय क्रेडिबल निधि लिमिटेड के नाम से एक कार्यालय खोला और सुन्नी और आसपास के क्षेत्रों के कई लोगों को एजेंट के रूप में नियुक्त किया । शिकायतकर्ता का कहना है कि उसके बाद उसने RD और FD के तौर पर अपने एजेंट कोड के माध्यम से सुन्नी शाखा में लगभग 30 लाख से अधिक की राशि उक्त कंपनी के पास जमा की । आरोप है कि अब हिमसंचय क्रेडिबल निधि लिमिटेड के डायरेक्टर शुभम शर्मा, कपिल देव शर्मा, हरीश शर्मा और रीना रनौटा जमाकर्ता के जमा रुपए लौटाने में टालमटोल कर रहे हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि क्षेत्र में लगभग 30 से 35 एजेंट और है सभी एजेंटों के माध्यम से कुल मिला कर दो से ढाई करोड़ रुपए कंपनी में जमा किए गए हैं। वही सुन्नी के व्यवसाई सिंपी शर्मा का कहना है कि पैसा ना मिलने के कारण वह डिप्रेशन में चले गए हैं जिसका इलाज वह आईजीएमसी शिमला से करवा रहे हैं।
इस मामले में एसपी शिमला मोनिका भुटुंगुरु ने बताया कि पुलिस थाना सुन्नी में IPC की धारा 409 , 420 , 120 – बी के तहत मामला दर्ज किया गया है । मामले की जांच एसएचओ सुन्नी कर रहे हैं । उन्होंने कहा कि आज इस मामले में हिमसंचय क्रेडिबल निधि लिमिटेड के अधिकारियों से पूछताछ की जाएगी । मामले की जांच की जा रही है।






