सबकी खबर , पैनी नज़र

October 22, 2026 11:12 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

October 22, 2026 11:12 pm

डाॅ. कर्नल धनी राम शांडिल ने किया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सायरी का निरीक्षण

सोलन हिमदेव न्यूज़ 31 जनवरी, 2023: स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डाॅ. कर्नल धनी राम शांडिल ने आज ज़िला सोलन के सायरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध करवाई जा रही विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाओं का ब्यौरा लिया और व्यक्तिगत रूप से उपलब्ध व्यवस्थाएं जैसे स्ट्रेचर, चिकित्सा उपकरण, इत्यादि का निरीक्षण भी किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा अधिकारियों की उपलब्धता की जानकारी भी ली। स्वास्थ्य मंत्री ने निरीक्षण करने के उपरांत चिकित्सा अधिकारियों को सुविधाएं बेहतर करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल में मातृ एवं शिशु सेवाओं, आपातकालीन सेवाओं, दवाइयों के साथ-साथ स्वच्छता व्यवस्था की उपलब्धता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि किसी भी मरीज को अस्पताल में परेशानी नहीं होनी चाहिए और लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध करवाने को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए आ रहे मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस मौके पर खण्ड चिकित्सा अधिकारी सायरी ने स्वास्थ्य मंत्री को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में कम बोल्टेज की समस्या से अवगत करवाया। खण्ड चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य मंत्री से 108 एम्बुलैंस और अतिरिक्त स्टाॅफ की भी मांग की। इस अवसर पर उमण्डलाधिकारी कण्डाघाट डाॅ. विकास सूद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डाॅ. राजन उप्पल, खण्ड चिकित्सा अधिकारी सायरी डाॅ. अल्पना कौशल, ममलीग की पूर्व प्रधान सत्या ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष आर.आर. शर्मा, सचिव विवेक परिहार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।