Himdev News – पहाड़ की हर खबर
Himdev News – पहाड़ की हर खबर

बलद्वाड़ा के जंगल में लगी आग, जाइका और वन विभाग की टीम ने बुझाई

हर रोज चीढ़ की पत्तियों में अग्निकांड की घटना आ रही सामने
सीपीडी जाइका समीर रस्तोगी ने की सुकेत टीम की सराहना

सुंदरनगर। हिमाचल प्रदेश में इन दिनों फायर सीजन यौवन पर है और हर रोज सौ से अधिक घटनाएं सामने आ रही है। फोरेस्ट सर्वे ऑफ इंडिया के फायर अलर्ट पोर्टल से सैटेलाइट के द्वारा आग लगने की घटनाएं चिन्हित हो रही हैं। जिला मंडी के बलद्वाड़ा फोरेस्ट रेंज के तहत बैरकोट जंगल में भीषण आग लगने की सूचना उस वक्त मिली जब शनिवार सुबह ग्राम वन विकास समिति सरोवा की बैठक चल रही थी। उसी वक्त वीएफडीएस के सभी सदस्य एक किलोमीटर पैदल चल कर मौके पर पहुंचे। जाइका वानिकी परियोजना और वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाने में सफलता हासिल की। वन मंडल सुकेत के तहत जाइका प्रोजेक्ट में सेवारत हिमाचल प्रदेश वन सेवा से सेवानिवृत अधिकारी वीपी पठानिया, एसएमएस सुकेत विजय कुमार, वीएफडीएस सरोवा के प्रधान रोशन लाल की टीम मौके पर पहुंची। टीम के सदस्यों ने बताया कि कई घंटों तक मशक्कत के बाद आग बुझाई। बता दें कि फायर सीजन के दौरान आग पर काबू पाने के लिए वन विभाग और जाइका प्रोजेक्ट की टीम हर वक्त मुस्तैद है। सीपीडी जाइका समीर रस्तोगी ने जंगलों में आग पर काबू पाने के लिए जाइका और वन विभाग की टीम के कार्यों की सराहना की।

Have something to say? Post your comment