शिमला,4 दिसम्बर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने प्रदेश कांग्रेस के सभी नेताओं, पीसीसी के सभी पूर्व पदाधिकारियों,अग्रणी संगठनों,पार्टी विभागों से प्रदेश कांग्रेस सरकार के दो साल के कार्यकाल पर 11 दिसम्बर को बिलासपुर में आयोजित होने वाले आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने पार्टी के सभी नेताओं से एकजुट होकर कार्य करने व अधिक से अधिक लोगों को इस आयोजन में शामिल करने को कहा है ।
प्रतिभा सिंह ने कहा है कि 11 दिसम्बर को होने वाले इस आयोजन में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को लेकर कांग्रेस सरकार अपने दो साल का पूरा रिकॉर्ड प्रदेश की जनता के समक्ष रखेगी और भाजपा के षड्यंत्रों का भांडा फोड़ेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को जिस प्रकार से चौपट किया इसका पूरा खुलासा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार को इस दौरान बहुत सी चुनौतीयों का सामना भी करना पड़ा। प्राकृतिक आपदा के दौरान केंद्र सरकार से प्रदेश को कोई भी आर्थिक मदद न मिलने के बाबजूद प्रभावित लोगों को जिस प्रकार से प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने राहत प्रदान की वह अपने आप में बहुत ही महत्वपूर्ण है। भाजपा ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने का जो षड्यंत्र रचा उस पर भी कांग्रेस सरकार ने पार पाया। प्रदेश पर विधानसभा के उप चुनाव थोपे गए,उसमें भी भाजपा को मुंह की खानी पड़ी। केंद्र सरकार से कोई भी आथिक मदद न मिलने के बाबजूद प्रदेश सरकार अपने चुनावी गारंटियों को पूरा करने के प्रति पूरी तरह बचनबद्ध है और उसे क्रमबद्ध तरीके से पूरा कर रही है।
उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह झूठ बोल कर लोगों को गुमराह करने का पूरा प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश हित को दरकिनार कर अपना राजनीतिक हित साधने में लगी है जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का जनमत कांग्रेस के पास है इसलिए उसे जनमत का सम्मान करना चाहिए।







