सोलन, 27 सितंबर 2026, खास बात: दो दिवसीय मीडिया फेस्ट में 14 से अधिक प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक गतिविधियां और अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों के बीच विचारों का आदान-प्रदान होगा
शूलिनी यूनिवर्सिटी का स्कूल ऑफ मीडिया एंड कम्युनिकेशंस 29 से 30 सितंबर तक मार्वल शूलिनी इंटरनेशनल मीडिया फेस्ट’ के चौथे संस्करण का आयोजन करेगा। दो दिवसीय इस फेस्ट में भारत और पड़ोसी देशों के लगभग 200 से अधिक युवा मीडिया प्रतिभागी विभिन्न प्रतियोगिताओं, रचनात्मक गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और संवादात्मक सत्रों में हिस्सा लेंगे।
फेस्ट में भारत, बांग्लादेश, नेपाल और अन्य देशों के विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों के विद्यार्थियों के साथ-साथ प्रमुख राष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के छात्र भी भाग लेंगे। यह आयोजन उभरते पत्रकारों, फिल्म निर्माताओं, फोटोग्राफरों, कंटेंट क्रिएटर्स, कलाकारों और संचार के क्षेत्र में रुचि रखने वाले युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा विभिन्न सांस्कृतिक और शैक्षणिक पृष्ठभूमि से आने वाले प्रतिभागियों के साथ संवाद का अवसर देगा।
फेस्ट के दौरान 14 से अधिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें न्यूज़ एंकरिंग, फोटोग्राफी, शॉर्ट फिल्म, रील मेकिंग, भाषण प्रतियोगिता, स्टैंड-अप कॉमेडी सहित मीडिया और संचार से जुड़ी विभिन्न रचनात्मक विधाएं शामिल होंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई से आगे बढ़कर अपनी व्यावहारिक, रचनात्मक और संचार कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।
फेस्ट के दौरान विद्यार्थी मीडिया प्रोफेशनल्स, शिक्षकों और अन्य प्रतिभागियों के साथ संवाद भी करेंगे। इससे पत्रकारिता, फिल्म निर्माण, डिजिटल कम्युनिकेशन, फोटोग्राफी और मीडिया उद्योग में उभरते रुझानों पर विचारों के आदान-प्रदान का अवसर मिलेगा। 2023 में 10 संस्थानों के विद्यार्थियों के साथ शुरू हुआ यह फेस्ट अब अपने चौथे संस्करण में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार कर रहा है।
शूलिनी यूनिवर्सिटी में फैकल्टी ऑफ मीडिया एंड लिबरल आर्ट्स की डीन, फेस्ट डायरेक्टर, ट्रस्टी एवं मार्केटिंग एंड कम्युनिकेशंस की डायरेक्टर प्रो. निष्ठा शुक्ला आनंद ने कहा कि यूनिवर्सिटी विभिन्न देशों और संस्थानों से आने वाले प्रतिभागियों के स्वागत के लिए उत्सुक है। उन्होंने कहा कि मीडिया फेस्ट ऐसा मंच उपलब्ध कराएगा, जहां रचनात्मकता, सीखने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का संगम होगा। इससे युवा मीडिया प्रतिभाओं को एक-दूसरे से सीखने के साथ विभिन्न संस्थानों और देशों के दृष्टिकोणों को समझने का अवसर मिलेगा।
प्रोफ निष्ठां ने कहा कि फेस्ट में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को शूलिनी यूनिवर्सिटी के कैंपस जीवन के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश की संस्कृति और प्राकृतिक परिवेश को करीब से जानने का अवसर भी मिलेगा। यह आयोजन विश्वविद्यालय समुदाय के साथ संवाद को बढ़ावा देने के साथ प्रतिभागियों को कैंपस और आसपास के क्षेत्रों से परिचित कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।








