Himdev News – पहाड़ की हर खबर
Himdev News – पहाड़ की हर खबर

23 और 24 नवंबर को हिमाचल पहुंचेगी समरसता संकल्प यात्रा, सामाजिक एकता और समरसता का देगी संदेश : डॉ. सिकंदर कुमार

सोलन और सिरमौर से होकर गुजरेगी यात्रा, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश होगा बुलंद : डॉ. सिकंदर कुमार*

शिमला, 21 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार ने बताया कि सामाजिक एकता, समरसता और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश लेकर निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा 23 और 24 नवंबर को हिमाचल प्रदेश से होकर गुजरेगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा समाज के विभिन्न वर्गों को एकता के सूत्र में जोड़ने तथा आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि होने के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव, आपसी सहयोग और समरसता की समृद्ध परंपराओं वाला प्रदेश है। यहां के लोगों ने सदैव सामाजिक एकता, राष्ट्रीय एकजुटता और भाईचारे के मूल्यों को सर्वोपरि रखा है। समरसता संकल्प यात्रा के माध्यम से इन्हीं मूल्यों को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समरसता संकल्प यात्रा 23 नवंबर को चंडीगढ़ से हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करेगी। इस दौरान यात्रा परवाणू और सोलन पहुंचेगी तथा इसके पश्चात सिरमौर जिले के नाहन और पांवटा साहिब की ओर प्रस्थान करेगी। 24 नवंबर को यात्रा पांवटा साहिब से उत्तराखंड के देहरादून की ओर आगे बढ़ेगी।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि यात्रा के हिमाचल प्रदेश आगमन को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह है। सोलन और सिरमौर जिलों में संगठन के कार्यकर्ता यात्रा का स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य समाज में समानता, सामाजिक सद्भाव, पारस्परिक सम्मान और राष्ट्रहित की भावना को मजबूत करना है। समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से ही एक सशक्त और समरस भारत का निर्माण संभव है।उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसकी विविधता में एकता है। अलग-अलग भाषा, संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक पृष्ठभूमि के बावजूद देश की एकता और अखंडता सदैव सर्वोपरि रही है। समरसता संकल्प यात्रा इसी राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने का कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में *सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास* की भावना से देश आगे बढ़ रहा है तथा सामाजिक समरसता इस संकल्प का महत्वपूर्ण आधार है।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लोगों ने हमेशा राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्रदेश की वीरभूमि ने देश की रक्षा के लिए अनेक वीर सपूत दिए हैं, वहीं यहां की सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराएं सद्भाव एवं एकजुटता का संदेश देती हैं।
उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प यात्रा का हिमाचल प्रदेश में आगमन सामाजिक एकता, समानता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं तथा समाज के सभी वर्गों से यात्रा का स्वागत करने और इसके सकारात्मक संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का आह्वान किया।

Have something to say? Post your comment