कानपुर: कानपुर के रियल इस्टेट कारोबारी मनीष गुप्ता की मौत की गुत्थी अभी तक सुलझी नहीं है. बुधवार को SIT ने मृतक के घर बयान लेने पहुंची. टीम ने मृतक की पत्नी मीनाक्षी और घटना के वक्त मौके पर मौजूद मनीष के दो दोस्तों हरवीर और प्रदीप के बयान दर्ज किए. घटना के प्रत्यक्ष गवाहों में भय था. एसआईटी की टीम तकरीबन 6 घंटे तक मृतक के घर पर रही और बयान दर्ज करने का काम किया. बता दें कि गोरखपुर से केस कानपुर ट्रांसफर होने के बाद SIT इस मामले की जांच कर रही है.
पुलिस कमिश्नर ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दिया भरोसा
एसआईटी ने गवाहों से घटना के बारे में जानकारी ली और सवाल पूछे. इस दौरान पुलिस कमिश्नर कानपुर असीम अरुण भी मृतक के परिवार से मिलने पहुंचे. पुलिस कमिश्नर ने मृतक के परिजनों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी होने का भरोसा दिया. मृतक की पत्नी मीनाक्षी ने बताया कि पुलिस कमिश्नर ने कहा है कि बयान दर्ज न होने की वजह से मामले में लेट-लतीफी हो रही थी. अब जब बयान दर्ज हो गए हैं, तब पुलिस की जांच और तेजी पकड़ेगी. हर पहलू पर निपक्षता से जांच होगी. वहीं, मृतक के दोनों दोस्तों ने बताया कि घटना की रात गोरखपुर में पुलिस ने बर्बरता की सारी हदें पार कर दी थी. पुलिसकर्मियों ने उनके सामने ही मनीष को बेरहमी से पीटा था.
ये भी पढ़ें- PM मोदी से बात करने के बाद खुश नजर आईं बबीता, कहा- केंद्र और राज्य सरकार ने ‘पक्के मकान’ का पूरा किया सपना
क्या है पूरा मामला?
कानपुर के जनता नगर (बर्रा) निवासी प्रॉपर्टी डीलर मनीष सोमवार सुबह अपने साथियों हरवीर सिंह और प्रदीप के साथ कार से गोरखपुर पहुंचे थे. तीनों यहां कृष्णा पैलेस होटल में रुके. मनीष के परिजनों का आरोप है कि सोमवार रात करीब 12:15 बजे पुलिस होटल में चेकिंग करने पहुंची और लोगों से आईडी प्रूफ दिखाने को कहा. मनीष और पुलिसकर्मियों में बहस हुई. पुलिस वालों ने मनीष को मारा, जिससे उनकी मौत हो गई.
सीएम ने की कार्रवाई
इस घटना पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल थाना प्रभारी सहित सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का निर्देश दिया था. जिसके बाद थाना प्रभारी जेएन सिंह सहित 6 पुलिसकर्मी निलंबित किए गए और तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई. हालांकि, इस घटना के सभी आरोपी पुलिसवाले फरार हैं.
ये भी पढ़ें- यूपी चुनाव से पहले योगी सरकार निकालेगी बंपर वैकेंसी, शिक्षक भर्ती शुरू करने की तैयारी
WATCH LIVE TV








