सबकी खबर , पैनी नज़र

May 12, 2026 7:34 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

May 12, 2026 7:34 pm

भाजपा ने जारी किया धर्मशाला नगर निगम का विजन डॉक्यूमेंट, मूलभूत सुविधाओं और आधुनिक विकास पर फोकस : सुधीर शर्मा

22 स्मार्ट पार्किंग, 24×7 पेयजल, फनिकुलर यातायात और ड्रग मुक्त धर्मशाला भाजपा के प्रमुख संकल्प

स्मार्ट सिटी में हुए धन के दुरुपयोग की होगी जांच, जनता के पैसे की जवाबदेही तय करेगी भाजपा : सुधीर शर्मा

धर्मशाला केवल नगर निगम नहीं, प्रदेश की दूसरी राजधानी और पर्यटन का वैश्विक केंद्र : भाजपा

धर्मशाला, 12 मई 2026।भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक सुधीर शर्मा ने धर्मशाला नगर निगम चुनावों के लिए भाजपा का “संकल्प पत्र” जारी करते हुए कहा कि भाजपा धर्मशाला को आधुनिक, सुव्यवस्थित, पर्यावरण अनुकूल और विश्वस्तरीय पर्यटन शहर के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा तैयार किया गया यह संकल्प पत्र केवल चुनावी घोषणा नहीं बल्कि धर्मशाला के भविष्य का विजन डॉक्यूमेंट है, जिसे पूरे नगर निगम की समग्र विकास दृष्टि को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पवन काजल, प्रवक्ता राकेश शर्मा, संजय शर्मा, विश्व चक्षु और जिला अध्यक्ष सचिन शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सुधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा का यह संकल्प पत्र धर्मशाला शहर की वर्तमान आवश्यकताओं और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर की स्थानीय समस्याओं को लेकर भाजपा प्रत्याशियों ने अलग-अलग अपीलें भी जारी की हैं, जबकि पार्टी का यह संकल्प पत्र पूरे नगर निगम क्षेत्र के दीर्घकालिक विकास का रोडमैप प्रस्तुत करता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता धर्मशाला में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना, यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाना और नागरिकों की जीवन गुणवत्ता को बेहतर करना है। इसी उद्देश्य से भाजपा ने शहर के 22 चिन्हित स्थानों पर स्मार्ट पार्किंग विकसित करने, 24×7 पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जल संरक्षण के लिए मुख्य खड्डों पर छोटे बांध बनाने का संकल्प लिया है।
सुधीर शर्मा ने बताया कि भाजपा धर्मशाला में चरान खड्ड से भागसूनाग तक फनिकुलर यातायात परियोजना शुरू करेगी, जिससे ट्रैफिक जाम कम होगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना स्मार्ट सिटी की मूल डीपीआर में भी प्रस्तावित थी, लेकिन इच्छाशक्ति की कमी के कारण धरातल पर नहीं उतर सकी। उन्होंने कहा कि भाजपा नगर निगम बनने पर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को प्राथमिकता से आगे बढ़ाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा कचहरी अड्डा और कोतवाली बाजार के पुनर्विकास, धर्मशाला बस अड्डे के निर्माण तथा उसकी कोतवाली बाजार से सीधी कनेक्टिविटी पर भी कार्य करेगी। इसके अतिरिक्त चौक-चौराहों के सौंदर्यकरण, कैंची मोड़ पर व्यूइंग डेक, शहर में ई-टैक्सी सेवा, साइकिलिंग और जॉगिंग ट्रैक तथा डीकंजेशन पॉलिसी लागू करने जैसे कदम उठाए जाएंगे।
महिलाओं और युवाओं को लेकर भाजपा के विजन पर बोलते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि पार्टी महिलाओं के स्वरोजगार और आय बढ़ाने के लिए “MC Cooperative Grid” का गठन करेगी। युवाओं के लिए मल्टी स्पोर्ट्स जोन, फुटबॉल अकादमी, स्किल डेवलपमेंट एवं स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जाएंगे ताकि रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर तैयार हो सकें।
उन्होंने कहा कि भाजपा वरिष्ठ नागरिकों के लिए “Doctor on Call” ऐप शुरू करेगी तथा आशियाना स्कीम के तहत सरकारी भूमि पर बने मकानों का नियमीकरण भी किया जाएगा। नगर निगम की सभी सेवाओं को ऑनलाइन किया जाएगा और निर्धारित समय सीमा में जवाब न मिलने पर आवेदन स्वतः स्वीकृत माने जाएंगे।
सुधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा धर्मशाला को “ड्रग मुक्त शहर” बनाने के लिए विशेष अभियान चलाएगी। टेक्नोलॉजी, सीसीटीवी निगरानी, जनजागरूकता और प्रशासनिक समन्वय के माध्यम से नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि धर्मशाला जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन शहर की पहचान सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण से होनी चाहिए।
स्मार्ट सिटी परियोजनाओं पर कांग्रेस सरकार और वर्तमान नगर निगम को घेरते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला स्मार्ट सिटी में जनता के पैसे का दुरुपयोग हुआ है। उन्होंने कहा कि कई परियोजनाएं कागजों में रह गईं और जो कार्य हुए उनमें भी पारदर्शिता और जवाबदेही का अभाव रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के ही वरिष्ठ मंत्रियों ने नगर निगम की स्थिति को “पंचायत से भी बदतर” बताया है और दो वर्षों से हाउस तक कन्वीन नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि भाजपा यह सुनिश्चित करेगी कि विकास कार्यों में पारदर्शिता हो और जनता के पैसे का सही उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम की आय बढ़ाने, निजी निवेश आकर्षित करने और केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रभावी उपयोग कर धर्मशाला को आधुनिक और सुविधायुक्त शहर बनाया जाएगा।
सुधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा धर्मशाला को केवल नगर निगम नहीं बल्कि हिमाचल प्रदेश की दूसरी राजधानी और वैश्विक पर्यटन केंद्र के रूप में देखती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्मार्ट सिटी विजन के अनुरूप भाजपा धर्मशाला को आधुनिक बुनियादी सुविधाओं, बेहतर यातायात, स्वच्छता, पर्यटन और रोजगार के केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।