ऊना ( हिमदेव न्यूज़ ) 07 नवंबर, 2022: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि किसी भी हालत में सत्ता में रहना भाजपा का सिद्धांत है। सत्ता में रहकर गरीबों, जरूरतमंदों, मध्य वर्ग को
भूल जाना और बड़े उद्योगपतियों को विकसित करना इनका लक्ष्य है। सोमवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के कांगड़ में चुनावी जनसभा में प्रियंका ने कहा कि
हिमाचल से भाजपा के कई बड़े नेता बने हैं। उन्होंने प्रदेश के बजाय केवल अपनी तरक्की की है। भाजपा नेता डबल इंजन सरकार की दुहाई देते हैं, लेकिन वे यह बताएं कि पांच साल डबल इंजन कहां था। डबल इंजन का तेल अब खत्म हो गया है। उन्होंने कहा कि पांच साल बाद बदलोगे नहीं तो नेता आपको भूल जाएंगे। बदलाव नहीं लाओगे तो अभी से भी ज्यादा
बुरा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस)
की मांग लगातार ठुकराई जा रही है। अगर कोई सरकारी नौकरी करता है तो इसकी मुख्य वजह पेंशन ही रहती है। भाजपा सरकार केंद्र के साथ पांच सालों
से प्रदेश में भी है। तमाम साधनों के बावजूद प्रदेश में 63,000 सरकारी पद खाली हैं। भाजपा के नेता कहते हैं कि दवाई बार-बार बदलने से बीमारी नहीं छूटती। क्या प्रदेश की जनता बीमार है। प्रदेश पर 70,000 करोड़ का कर्ज है। पुलिस भर्ती, शिक्षक भर्ती और
कोरोना काल में पीपीई किट के घोटाले हुए हैं। अगर सत्ता में रहते हुए कुछ नहीं कर सकते हो तो सत्ता में क्यों हो। इस मौके पर जिले की पांचों सीटों के कांग्रेस
प्रत्याशी भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री, अमित शाह भी नहीं बचा पाएंगे जयराम सरकार : सुक्खू कांग्रेस प्रचार कमेटी के चेयरमैन सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि हिमाचल से जयराम सरकार का जाना तय है। भाजपा हाईकमान भी इस सच्चाई
को जान चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के दूसरे बड़े नेता भी अब भाजपा सरकार को नहीं बचा सकते। सुक्खू ने कहा है कि जयराम सरकार के कुशासन ने भाजपा के
केंद्रीय नेताओं को हिमाचल की गलियों और चौराहों पर नुक्कड़ सभाएं करने को मजबूर कर दिया है। सरकार ने पांच सालों में हर वर्ग को परेशान किया है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पांच साल में अपने अहम में रहे। प्रदेश में विकास उनकी प्राथमिकता में नहीं रहा।मुख्यमंत्री का अपने मंत्रिमंडल तो दूर अफसरों पर भी कोई नियंत्रण नहीं रहा। यही वजह है कि वे पांच सालों में लगातार अधिकारियों के तबादलों में व्यस्त
रहे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एकजुटता के बड़े-बड़े दावे कर रही है। पार्टी में छिड़ा घमासान सबसे सामने है। बागियों को मनाने के लिए प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी खुद हस्तक्षेप कर रहे हैं, लेकिन उनकी भी कोई सुन नहीं रहा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के गृह क्षेत्र बिलासपुर में पार्टी को बगावत झेलनी
पड़ रही है। सुक्खू ने कहा कि जयराम ठाकुर पार्टी के अंदर अपने विरोधियों को ठिकाने लगाने की कोशिश कर रहे हैं तो दूसरे गुट भी जयराम को सबक सिखाने का मौका देख रहे हैं।






