सबकी खबर , पैनी नज़र

October 18, 2026 11:14 am

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

October 18, 2026 11:14 am

प्रदेश सरकार ने अनुबन्ध तथा दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की सेवाएं नियमित कीं

शिमला हिमदेव न्यूज़ 30 अप्रैल, 2023: राज्य सरकार ने 31 मार्च, 2023 तक दो वर्ष का सेवाकाल पूरा करने वाले अनुबन्ध कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने का निर्णय लिया है। इसके अतिरिक्त, 30 सितंबर, 2023 को दो वर्ष का सेवाकाल पूरा करने वाले कर्मचारियों की सेवाओं को भी इस तिथि के बाद नियमित किया जाएगा। राज्य सरकार ने 31 मार्च, 2023 तक चार वर्ष का सेवाकाल पूरा करने वाले दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की सेवाओं को नियमित करने का भी निर्णय लिया है। इसी प्रकार 30 सितंबर, 2023 को चार वर्ष का सेवाकाल पूरा करने वाले दैनिक वेतन भोगियों की सेवाओं को इस तिथि के बाद नियमित किया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा इन निर्णयों से संबंधित अधिसूचना आज यहां जारी की गई है।मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार कर्मचारियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और सरकार के कर्मचारियों को लाभान्वित करने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। राज्य की विकट वित्तीय स्थिति के बावजूद प्रदेश सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता पहले ही जारी किया जा चुका है।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार ने एनपीएस कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को बहाल कर कर्मचारियों की लम्बित मांग को भी पूरा किया है। इस निर्णय से 1.36 लाख कर्मचारियों को लाभ पहुंचा है। यह निर्णय राज्य के विकास में अहम योगदान देने वाले सभी कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा और सम्मानित जीवन जीने का अधिकार प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए मानवीय दृष्टिकोण से निर्णय ले रही है।