Himdev News – पहाड़ की हर खबर
Himdev News – पहाड़ की हर खबर

जयराम बताएँ, किस सेब बाग़बानों को भाजपा ने दिया 50 रुपए समर्थन मूल्य : जगत नेगी

झूठ बोलने के सारे रिकॉर्ड तोड़ रहे जयराम ठाकुर

शिमला। बाग़वानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने नेता विपक्ष जयराम ठाकुर पर पलटवार करते हुए कहा है कि वह बताएँ किस सेब बाग़वान को भाजपा ने 50 रुपए का समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर झूठ बोलने के सारे रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जब भी चुनाव में हिमाचल आते हैं, तो सेब पर आयात शुल्क को दोगुना करने का जुमला बोल कर जाते हैं, लेकिन वास्तव में केंद्र सरकार ने आयात शुल्क को घटाकर 50 प्रतिशत कर दिया है और हिमाचल प्रदेश के सेब बाग़बानों की कमर तोड़ दी है।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि केंद्र सरकार ने एमआईएस के तहत मात्र एक लाख रुपए का टोकन बजट रखा है और जयराम ठाकुर सेब बाग़बानों को 50 रुपए न्यूनतम समर्थन मूल्य देने का झूठ बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेब बाग़बानों के साथ दग़ाबाज़ी करने के लिए भाजपा को सेब बाग़बानों को श्राप लगेगा। जयराम ठाकुर और भाजपा के गुनाहों को जनता कभी माफ़ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के आयात शुल्क घटाने से अफ़ग़ानिस्तान, ईरान से सेब देश में आ रहे हैं और आज कोल्ड स्टोर में रखे सेब के उचित दाम भी बाग़बानों को नहीं मिल रहे। उन्होंने कहा कि आज कोल्ड स्टोर में रखी सेब की पेट्टी पर बाग़बानों को 800-1200 रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिसका श्रेय भाजपा की केंद्र सरकार को जाता है। आयात शुल्क घटने से हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पूरे देश के सेब बाग़बान अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर पांच साल तक हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे लेकिन एक भी नया प्रोजेक्ट सेब बाग़बानों के लिए नहीं लाए। जयराम ठाकुर प्रदेश की जनता को बताएँ कि वह कौन सा प्रोजेक्ट सेब बाग़बानों के लिए पांच साल में लेकर आए।

बाग़वानी मंत्री ने कहा कि सेब बाग़बानों के हितों को देखते हुए वर्तमान प्रदेश सरकार ने अनेकों कदम उठाए हैं। किलो के हिसाब से सेब की बिक्री का काम जो पिछले कई वर्षों से नहीं हो पाया, वह काम मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में वर्तमान राज्य सरकार ने किया है। यही नहीं, सेब बागवानों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए राज्य सरकार ने यूनिवर्सल कार्टन लागू कर दिया है। सेब की खाद और कीटनाशकों पर मिलने वाली सब्सिडी को भाजपा सरकार ने बंद कर दिया था, जबकि वर्तमान राज्य सरकार ने फिर से सब्सिडी शुरू कर दी है।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि जयराम ठाकुर प्रदेश की जनता को गुमराह करने के लिए रोज़ नया झूठ बोल रहे हैं। जिससे साफ़ पता लगता है कि भाजपा चुनाव में अपने हथियार डाल चुकी है। भाजपा का ख़रीद-फरोख्त करने वाला चेहरा जनता के सामने आ चुका है और भाजपा नेताओं को हार डर सताने लगा है।

Have something to say? Post your comment