सबकी खबर , पैनी नज़र

May 10, 2026 6:40 am

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

May 10, 2026 6:40 am

मुख्यमंत्री ने किया पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त

शिमला 27 दिसम्बर, 2024:मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। डॉ. मनमोहन सिंह ने कल नई दिल्ली के एम्स में अंतिम सांस ली। वह 92 वर्ष के थे।
अपने शोक सन्देश में मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह एक महान तथा दूरदर्शी नेता थे, उनका देहावसान राष्ट्र के लिए एक महान क्षति है। उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल में भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति की। उनकी नीतियों और कार्यक्रमों के फलस्वरूप देश ने विश्वभर में एक नई पहचान बनाई।
ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के कार्यकाल के दौरान देश में आर्थिक उदारीकरण की नीतियां लागू की गई, जिससे विदेशी निवेश को बढ़ावा मिला। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कई ऐतिहासिक निर्णय लिए, जिससे भारतीय समाज और अर्थव्यवस्था में सकारात्मक बदलाव आए।
उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में देश में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोज़गार गारन्टी अधिनियम (मनरेगा) लागू किया गया। यह योजना गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों को रोज़गार प्रदान करने के लिए ऐतिहासिक कदम साबित हुई। उनके कार्यकाल के दौरान सूचना का अधिकार अधिनियम पारित हुआ, जिससे सरकारी कामकाज प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हुई। उनके कार्यकाल में अनेक महत्वपूर्ण कानून लागू किए गए, जिससे राष्ट्र की प्रगति का मार्ग प्रशस्त हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को एक अर्थशास्त्री, राजनेता व प्रधानमंत्री के रूप में दी गई सेवाओं और योगदान के लिए डॉ. मनमोहन सिंह को हमेशा याद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति और पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।