सबकी खबर , पैनी नज़र

LIVE TV

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

February 18, 2026 11:51 am

Mahant Narendra Giri Death Case CBI takes Anand Giri to Dehradun to connect dots with his haridwar aashram

देहरादून: महंत नरेंद्र गिरी की संदिग्ध मौत की जांच कर रही सीबीआई टीम बुधवार को उनके आरोपी शिष्य आनंद गिरी को लेकर देहरादून पहुंची. सीबीआई आनंद गिरी को पूछताछ के लिए हरिद्वार स्थित उनके आश्रम ले जा सकती है. आपको बता दें कि मंगलवार को हरिद्वार में आनंद गिरी के सील किए जा चुके आश्रम से सीसीटीवी का डीवीआर चुराने का प्रयास किया गया. स्थानीय लोगों ने चोर को पकड़कर पुलिस के हवाले किया. चोर के पास से पुलिस ने सीसीटीवी का डीवीआर बरामद ​कर लिया है.

आनंद गिरी के हरिद्वार आश्रम में चोरी का प्रयास
चोरी के प्रयास की इस घटना के बाद ही बुधवार को सीबीआई टीम आनंद गिरी को लेकर दूहरादून पहुंची. माना जा रहा है कि सीसीटीवी के डीवीआर में महंत नरेंद्र गिरी के मौत से जुड़ा कुछ राज हो सकता है, इसीलिए डीवीआर चुराने का प्रयास किया गया. इस केस में पुलिस ने आनंद गिरी के अलावा बड़े हनुमान मंदिर के मुख्य पुजारी आद्या तिवारी और उनके बेटे संदीप तिवारी को हिरासत में लिया था. फिलहाल तीनों सीबीआई रिमांड में हैं. आद्या तिवारी और संदीप तिवारी को सीबीआई टीम अभी पुलिस लाइन में ही रखकर पूछताछ कर रही है.

तीनों आरोपियों से 7 घंटे तक अलग-अलग पूछताछ
इससे पहले सीबीआई ने मंगलवार को प्रयागराज में महंत नरेंद्र गिरी सुसाइड केस में तीनों आरोपियों आनंद गिरी, आद्या प्रसाद तिवारी और संदीप तिवारी से पुलिस लाइन के अलग-अलग कमरों में पूछताछ की. फिर तीनों को एक साथ बैठाकर देर रात तक सवाल पूछे. सूत्रों की मानें तो महंत नरेंद्र गिरी को ब्लैकमेल करने के लिए अश्लील सीडी के सवाल पर आनंद गिरी कई बार फूट-फूटकर रोया. हर बार यही कहता रहा कि मैंने अपने गुरु को ब्लैकमेल नहीं किया. मेरे पास कोई सीडी नहीं है. गौरतलब है कि ​महंत के कमरे से बरामद उनके कथित सुसाइड नोट में लड़की और अश्लील फोटो, वीडियो का जिक्र था. 

लड़की और वीडियो को लेकर सीबीआई के सवाल
सीबीआई के सवाल पर आनंद गिरी कहा कि वह अपना मोबाइल और लैपटॉप पहले ही पुलिस को दे चुका है और उसके पास ऐसा कोई वीडियो और सीडी नहीं है. सीबीआई ने आनंद से साधु, संत और महंत बनने की कहानी पूछी. आनंद ने अपने साधु बनने से लेकर निरंजनी अखाड़े से जुड़ने और फिर महंत नरेंद्र गिरी के संपर्क में आकर, लेटे हनुमान मंदिर में ‘छोटे महाराज’ बनने की पूरी कहानी बताई. आनंद ने महंत नरेंद्र गिरी से अपने संबंध खराब होने के पीछे कई लोगों को जिम्मेदार बताया. उसने सीबीआई को बताया कि आशीष गिरी के कथित सुसाइड केस में जांच की मांग करने पर दोनों के संबंधों में और खटास आई थी.

महंत से समझौते के बारे में भी आनंद से सवाल
आनंद गिरी सीबीआई के सवालों को जवाब देते हुए बीच-बीच में अटक रहा था. आनंद के निरंजनी अखाड़े से निष्कासन के बाद उसके द्वारा मीडिया में दिए गए बयानों का भी सीबीआई ने संज्ञान लिया. आनंद गिरी ने सीबीआई को यह भी बताया कि कैसे कुछ लोगों के प्रयास से लखनऊ में महंत नरेंद्र गिरी के साथ उसका लिखित समझौता हुआ. लेकिन बाघंबरी मठ और​ निरंजनी अखाड़े में उसका प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया. पूछताछ के दौरान आनंद ने सीबीआई अधिकारियों से पीने के लिए पानी भी मांगा, इस दौरान वह बार-बार अपने निर्दोष होने की दुहाई भी देता रहा.

आनंद से सीबीआई के तीखे और धारदार सवाल
सीबीआई पर आनंद गिरी की दलीलों का कोई असर नहीं हुआ और सवाल लगातार तीखे होते गए. सीबीआई ने आनंद गिरी से यह भी पूछा कि महंत नरेंद्र गिरी की मौत के बारे में उसे सबसे पहले जानकारी कब और किसने दी? मौत की खबर सुनने के तुरंत बाद उसने एक वीडियो जारी कर सफाई दी थी, जबकि तब तक उसके खिलाफ एफआइआर भी दर्ज नहीं हुई थी. सीबीआई टीम ने आनन्द गिरी से हरिद्वार में बन रहे उसके आश्रम के बारे में भी पूछताछ की, इसके निर्माण के लिए धन का इंतजाम कैसे और कहां से किया गया इस बारे में जानकारी ली.

आरोपियों की साइकोलॉजिकल ऑटोप्सी कराई गई 
सीबीआई की ओर से आरोपियों की साइकोलॉजिकल ऑटोप्सी भी कराई गई. जांच एजेंसी की एक दूसरी टीम ने बाघंबरी मठ में मौजूद सेवादारों और अन्य कर्मियों की भी साइकोलॉजिकल ऑटोप्सी कराई, ताकि महंत नरेंद्र गिरी की मौत के रहस्य से जल्द पर्दा उठ सके. सीबीआई टीम एवीडेंस कलेक्ट करने के लिए आरोपियों को मठ बाघम्बरी गद्दी और बड़े हनुमान मंदिर भी ले जा सकती है. सीबीआई की एक टीम आनंद गिरी को लेकर देहरादून पहुंची है, जहां से उसे हरिद्वार ले जाकर पूछताछ होगी. सीबीआई टीम आनंद गिरी को उत्तराखंड में किसी अन्य स्थान पर भी ले जा सकती है.

WATCH LIVE TV

Source link