सबकी खबर , पैनी नज़र

June 21, 2026 11:08 am

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

June 21, 2026 11:08 am

जगत प्रकाश नड्डा का दो कार्यकाल—संगठन विस्तार से चुनावी विजय तक भाजपा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाला नेतृत्व

‘सेवा ही संगठन’ से स्वास्थ्य क्रांति तक, नड्डा युग भाजपा के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय : कर्ण नंदा

शिमला। भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा का भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में दो कार्यकाल (2020–2026) संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण, चुनावी सफलताओं और सेवा आधारित राजनीति के लिए सदैव याद किया जाएगा। उनके नेतृत्व में भाजपा ने न केवल अपने पारंपरिक आधार को मजबूत किया, बल्कि नए क्षेत्रों में भी ऐतिहासिक विजय दर्ज कर देश की सबसे सशक्त राजनीतिक पार्टी के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत की।
कर्ण नंदा ने कहा कि नड्डा जी के नेतृत्व में भाजपा ने लगभग 33 विधानसभा चुनावों में भाग लिया, जिनमें से 19 में जीत हासिल कर लगभग 60 प्रतिशत का प्रभावशाली स्ट्राइक रेट दर्ज किया। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर जैसे राज्यों में लगातार दूसरी बार सरकार बनना और गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 में रिकॉर्ड 156 सीटें जीतना उनके नेतृत्व की निर्णायक क्षमता को दर्शाता है। स्थानीय निकाय स्तर पर भी भाजपा ने हैदराबाद नगर निगम और जम्मू-कश्मीर के जिला विकास परिषद चुनावों में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि संगठन के स्तर पर नड्डा जी ने भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाए रखा। उनके कार्यकाल में 18 करोड़ से अधिक सदस्य पार्टी से जुड़े और बूथ सशक्तिकरण अभियान के माध्यम से जमीनी संगठन को अभूतपूर्व मजबूती मिली। कोविड-19 महामारी के दौरान शुरू किया गया ‘सेवा ही संगठन’ मिशन मानवीय संवेदना और सेवा भावना का वैश्विक उदाहरण बना, जिसके तहत देशभर में 22 करोड़ से अधिक भोजन किट और 5 करोड़ से अधिक राशन किट वितरित की गईं।
कर्ण नंदा ने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री के रूप में भी जगत प्रकाश नड्डा का योगदान ऐतिहासिक रहा है। आयुष्मान भारत जैसी दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना, AIIMS के अभूतपूर्व विस्तार, U-WIN पोर्टल के माध्यम से टीकाकरण का डिजिटलीकरण, मेडिकल कॉलेजों और MBBS सीटों में रिकॉर्ड वृद्धि, दुर्गम क्षेत्रों में ड्रोन सेवाओं की शुरुआत और टीबी उन्मूलन की दिशा में ठोस पहल—ये सभी उनके दूरदर्शी नेतृत्व के प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लिए भी नड्डा जी का योगदान अविस्मरणीय है—ऊना में बल्क ड्रग पार्क और मेडिकल डिवाइस पार्क जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स ने प्रदेश को फार्मा और हेल्थ सेक्टर में नई पहचान दिलाई है।
कर्ण नंदा ने कहा कि जगत प्रकाश नड्डा का दो कार्यकाल केवल पद का नहीं, बल्कि संगठन, सेवा और सुशासन के संकल्प का प्रतीक रहा है। उनका नेतृत्व आने वाली पीढ़ियों के लिए भाजपा संगठन का मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत बना रहेगा।