मंडी, 16 फरवरी। अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर नगर निगम मंडी द्वारा आयोजित मंडी आर्ट फेस्टिवल 2026 के अंतर्गत पहली बार वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। नगर निगम आयुक्त रोहित राठौर ने बताया कि प्रतियोगिता 17 और 18 फरवरी को शहर के विभिन्न निर्धारित स्थलों पर होगी, जिसमें चयनित कलाकार मंडी की समृद्ध परंपरा, इतिहास, आस्था और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते थीम आधारित भित्ति चित्र तैयार करेंगे। निर्णायक मंडल द्वारा कलात्मक अभिव्यक्ति, विषयवस्तु की प्रस्तुति, रंग संयोजन, रचनात्मकता तथा स्थानीय सांस्कृतिक तत्वों के प्रभावी प्रदर्शन के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा और प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे, जबकि अन्य प्रतिभागियों को प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सार्वजनिक दीवारों को संस्कृति और रचनात्मकता की जीवंत अभिव्यक्ति में बदलने तथा प्रदेश भर के उभरते कलाकारों को मंच देने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। प्राप्त आवेदनों और कलाकृतियों के नमूनों की जांच के बाद 10 टीमों का चयनकिया गया है जिनमें रिद्धि सुयाल व गौरव शर्मा (मंडी), योगराज योगी व करण (मंडी), यश ठाकुर व विकास खान (सोलन), अनुराग नेगी व स्नेहा नेगी (किन्नौर) , सपना (शिमला) व सुषमा (मंडी), सिमरन सेन (जेएलएन कॉलेज कुल्लू) व निशु ठाकुर (कुल्लू), सेल्मा नेगी एवं सह-प्रतिभागी (किन्नौर), वृष्टि गिस्ट (मिनिएचर आर्टिस्ट) व अश्विनी राणा (मंडी), लितेश कुमार व अक्षीत (मंडी) तथा कात्यायनी व शुभम (जेएनएल कॉलेज) शामिल हैं।
आयुक्त ने कहा कि यह पहल सार्वजनिक कला को प्रोत्साहित करने, शहर की सौंदर्य वृद्धि करने और युवाओं को सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी। नगर निगम ने सभी चयनित कलाकारों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की है।




