टिप्पर माफिया और गुंडाराज को किसका संरक्षण? 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार हों : भाजपा
कालाअंब–पांवटा हाईवे पर ओवरलोड टिप्परों ने लोगों का जीना किया मुश्किल : बिंदल
जनता की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, कार्रवाई न हुई तो सड़कों पर उतरेगी जनता : भाजपा
शिमला, 12 मई 2026।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सिरमौर जिले के कोलर क्षेत्र में दुकान चला रहे बाप-बेटे पर हुए जानलेवा हमले को बेहद भयावह और हिमाचल प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था का गंभीर उदाहरण बताते हुए कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से बाहरी राज्य से आए हमलावरों ने तलवारों और धारदार हथियारों से हमला किया, उससे साफ है कि प्रदेश में अपराधियों और गुंडों के हौसले पूरी तरह बुलंद हो चुके हैं।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कोलर में अपनी दुकान के बाहर बैठे लोगों पर अचानक वाहन में सवार होकर आए गुंडों ने हमला किया और जिस तरह से उनके सिर फाड़े गए, वह सीधे-सीधे हत्या के प्रयास का मामला है। उन्होंने कहा कि घायल व्यक्ति इस समय अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। यह घटना प्रदेश की चरमराई कानून व्यवस्था की भयावह तस्वीर प्रस्तुत करती है।
उन्होंने कहा कि सिरमौर जिले विशेषकर कालाअंब–पांवटा साहिब क्षेत्र में टिप्पर माफिया पूरी तरह बेलगाम हो चुका है। पूरी-पूरी रात सैकड़ों टिप्पर सड़कों पर आतंक मचाते हैं और आम लोगों की जान जोखिम में डालते हैं। उन्होंने कहा कि कालाअंब क्षेत्र में पहले भी टिप्परों की लापरवाही के कारण लोगों की जान जा चुकी है और अब कोलर में यह हिंसक घटना सामने आई है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पिछले दिनों एक टिप्पर चालक और स्थानीय दुकानदार के बीच ओवरस्पीड को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद यह हमला किया गया। उन्होंने कहा कि सवाल यह है कि आखिर इन टिप्पर संचालकों और गुंडों को संरक्षण कौन दे रहा है? किस राजनीतिक संरक्षण के दम पर ये लोग बिना नंबर प्लेट, ओवरलोडिंग और गैरकानूनी गतिविधियों के साथ सड़कों पर खुलेआम घूम रहे हैं?
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि यह माल कहां से आता है, कहां जाता है और किन लोगों की मिलीभगत से यह पूरा नेटवर्क चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के संरक्षण में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और गुंडागर्दी बढ़ती जा रही है, जबकि प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है और संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद किया गया है, लेकिन केवल औपचारिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। भाजपा ने मांग की कि इस हमले में शामिल सभी आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो।
डॉ. बिंदल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो जनता सड़कों पर उतरकर जवाब देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में गुंडाराज, टिप्पर माफिया और अपराधियों के आतंक को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध, माफियाराज और कानून व्यवस्था की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जबकि सरकार केवल राजनीतिक प्रबंधन में व्यस्त है। पार्टी ने कहा कि हिमाचल जैसे शांत प्रदेश को भय और अराजकता की ओर धकेला जा रहा है, जिसे जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।








