सबकी खबर , पैनी नज़र

June 28, 2026 12:33 am

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

June 28, 2026 12:33 am

एनआईटी हमीरपुर में 5-दिवसीय 5G प्रयोगशाला प्रशिक्षण कार्यक्रम

शिमला. एनआईटी हमीरपुर में 5-दिवसीय 5-G प्रयोगशाला प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 मई 2026 तक कोरल टेलीकॉम प्राइवेट लिमिटेड के विशेषज्ञ अभियंताओं द्वारा आयोजित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को तेजी से विकसित हो रही अत्याधुनिक 5G तकनीकों के प्रयोगों के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना, उनके ज्ञान को समृद्ध करना तथा कौशल को सुदृढ़ बनाना है।
विभागीय विज्ञप्ति के अनुसार 5-G प्रयोगशाला प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारम्भ समारोह में श्री वीरेंद्र कुमार, अपर महानिदेशक (दूरसंचार), श्री संदीप आर्य उप महानिदेशक (प्रौद्योगिकी) तथा श्री रमेश कुमार सहायक निदेशक (प्रौद्योगिकी), हिमाचल प्रदेश लाइसेंस सेवा क्षेत्र, दूरसंचार विभाग भी शामिल हुए.
यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को नवीन तकनीकी विशेषज्ञता से सशक्त बनाने, नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें सूचना एवं दूरसंचार क्षेत्र में अपने विचारों को स्टार्टअप एवं उद्यमिता के रूप में विकसित करने हेतु प्रेरित करेगा। एनआईटी हमीरपुर में स्थापित यह आधुनिक 5G प्रयोगशाला भविष्य में भी छात्र नवप्रवर्तकों एवं उभरते उद्यमियों को आवश्यक अवसंरचना, तकनीकी मार्गदर्शन तथा अनुसंधान-आधारित समाधानों के प्रोटोटाइप, परीक्षण एवं प्रयोग हेतु संसाधन उपलब्ध कराती रहेगी।
यह सहयोगात्मक पहल, उद्योग और अकादमिक जगत के बीच सहभागिता को मजबूत करने, नवाचार को बढ़ावा देने तथा क्षेत्र में कौशल विकास गतिविधियों के माध्यम से 5G आधारित शोध एवं विकास में सुधार लाने में भी सहायक सिद्ध होगी। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का समन्वयन एनआईटी हमीरपुर के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग के डॉ. अश्वनी राणा, राकेश शर्मा एवं डॉ. संदीप कुमार सिंह द्वारा किया जा रहा है।
विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्ण कुमार ने इस सहयोगात्मक पहल की सराहना करते हुए कहा कि उद्योग-उन्मुख व्यावहारिक प्रशिक्षण विद्यार्थियों को अगली पीढ़ी की संचार प्रौद्योगिकियों के लिए तैयार करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
डॉ. अर्चना संतोष नानोटी, (रजिस्ट्रार) एनआईटी हमीरपुर ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता, व्यावहारिक दृष्टिकोण तथा गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करते हैं।
एनआईटी हमीरपुर के निदेशक प्रो. एच एम. सूर्यवंशी ने दूरसंचार विभाग एवं कोरल टेलीकॉम प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग और समर्थन के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि संस्थान में उन्नत प्रयोगशाला एवं विशेष प्रशिक्षण प्रणाली की स्थापना से कुशल पेशेवरों के निर्माण, अनुसंधान के विस्तार तथा नवाचार-आधारित विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।