सबकी खबर , पैनी नज़र

May 26, 2026 10:16 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

May 26, 2026 10:16 pm

चुनाव कार्य में लापरवाही बरतने पर पोलिंग पार्टी के 04 अधिकारी तत्काल प्रभाव से निलंबित

शिमला, 26 मई 2026, जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप द्वारा पंचायत राज संस्थाओं के चुनाव कार्य में लापरवाही बरतने पर पोलिंग पार्टी संख्या-65 के समस्त अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत नरैन के वार्ड नंबर-1 स्थित मतदान केंद्र ब्रांदली-1 में तैनात पोलिंग पार्टी द्वारा मतदान प्रक्रिया के दौरान गंभीर प्रक्रियात्मक त्रुटि की गई। जांच में पाया गया कि मतदान कक्ष के अंदर निर्धारित एरो क्रॉस मार्क सील के साथ नोटा (NOTA) की रबर स्टाम्प भी छोड़ दी गई थी। एक मतदाता द्वारा शिकायत किए जाने पर यह मामला प्रकाश में आया कि उसने अनजाने में NOTA की मुहर उम्मीदवार के स्थान पर लगा दी।
मामले की सूचना सहायक रिटर्निंग अधिकारी को मिलने तक 124 मतदाता मतदान कर चुके थे। इस त्रुटि के कारण मतदान प्रक्रिया प्रभावित हुई तथा मतदान को रोकना पड़ा। प्रशासन ने इसे चुनाव प्रक्रिया में गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित पोलिंग पार्टी को जिम्मेदार ठहराया है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव जैसे संवेदनशील कार्य में पूर्ण जिम्मेदारी एवं सतर्कता अपेक्षित होती है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि  पूरी पोलिंग पार्टी को निलंबित किया गया है। इसमें अनिल कुमार, टीजीटी, राजकीय उच्च विद्यालय देव नगर – प्रीसाइडिंग अधिकारी,  प्रकाश चंद, एलटी, राजकीय उच्च विद्यालय मश्नू – पोलिंग अधिकारी, राज कुमार, पीईटी, जीएसएसएस मुनिश बहाली – पोलिंग अधिकारी और रमेश चंद, जेओए (आईटी), विद्युत उपमंडल सराहन – पोलिंग अधिकारी शामिल है।।
आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान इन अधिकारियों का मुख्यालय खंड विकास अधिकारी कार्यालय रामपुर निर्धारित किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।