सबकी खबर , पैनी नज़र

June 5, 2026 10:47 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

June 5, 2026 10:47 pm

विश्व पर्यावरण दिवस पर एनडीआरएफ ने लगाए 600 पौधे

शिमला, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 14वीं वाहिनी, जसूर (नूरपुर), जिला कांगड़ा द्वारा शुक्रवार को व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया।
इस दौरान वाहिनी परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कुल 600 पौधे रोपे गए। इनमें 150 अर्जुन, 150 शीशम, 150 आंवला, 50 बहेड़ा, 50 लसोड़ा, 46 कचनार तथा चार अमरूद के पौधे शामिल हैं।
अभियान का आयोजन पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा हरित एवं सतत भविष्य के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डीआईजी (एनबीआर) प्रवीण कुमार तिवारी के पर्यवेक्षण में हुआ।
अभियान में वाहिनी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, रेस्क्यू कर्मियों तथा उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर डीआईजी प्रवीण कुमार तिवारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने, प्रदूषण को कम करने तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
एनडीआरएफ अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य पर्यावरणीय उत्तरदायित्व की भावना को प्रोत्साहित करना, हरित आवरण में वृद्धि करना तथा पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में योगदान देना है। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति के संवर्धन और संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प लिया।