सबकी खबर , पैनी नज़र

June 13, 2026 3:13 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

June 13, 2026 3:13 pm

शिमला ग्रीष्मोत्सव 2026 में हिमाचल प्रदेश सचिवालय सांस्कृतिक क्लब की विशेष नाट्य प्रस्तुति

शिमला, 13 जून 2026, अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 के अंतर्गत सांस्कृतिक गतिविधियों की श्रृंखला में हिमाचल प्रदेश सचिवालय सांस्कृतिक क्लब द्वारा एक विशेष नाट्य प्रस्तुति का आयोजन किया जा रहा है। क्लब के कलाकारों द्वारा नाटक “रंगमंच का आखिरी दिन” का मंचन 14 जून, 2026 को सायं 6:00 बजे ऐतिहासिक गेयटी थिएटर, शिमला में किया जाएगा। यह प्रस्तुति जिला प्रशासन, शिमला द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का एक महत्वपूर्ण आकर्षण होगी।

नाटक “रंगमंच का आखिरी दिन” विश्व प्रसिद्ध रूसी साहित्यकार एंटोन चेखव की चर्चित रचना “Swan Song” से प्रेरित है। यह नाट्य कृति रंगमंच से जुड़े कलाकारों के जीवन, उनके संघर्ष, समर्पण, त्याग तथा कला के प्रति उनकी अटूट निष्ठा को अत्यंत संवेदनशील और प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। नाटक दर्शकों को भावनाओं, स्मृतियों और मानवीय रिश्तों की एक ऐसी यात्रा पर ले जाएगा, जो रंगमंच की आत्मा और उसकी जीवंत परंपरा को नए दृष्टिकोण से देखने का अवसर प्रदान करेगी।

इस नाट्य प्रस्तुति का निर्देशन एवं परिकल्पना राजेश भारद्वाज द्वारा की गई है। उनके मार्गदर्शन में हिमाचल प्रदेश सचिवालय सांस्कृतिक क्लब के कलाकारों ने इस नाटक को मंच पर साकार करने के लिए विशेष तैयारी की है। कलाकार अपनी सशक्त अभिनय क्षमता, संवाद अदायगी और मंचीय प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों को एक यादगार सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करेंगे।

हिमाचल प्रदेश सचिवालय सांस्कृतिक क्लब लंबे समय से प्रदेश में कला, संस्कृति और रंगमंच के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। क्लब द्वारा समय-समय पर विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक विषयों पर आधारित नाटकों का मंचन किया जाता रहा है। “रंगमंच का आखिरी दिन” भी इसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिसका उद्देश्य रंगमंच की समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और कला के प्रति लोगों में रुचि को प्रोत्साहित करना है।

अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 के आयोजन ने प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को मंच प्रदान किया है, जहां स्थानीय एवं बाहरी कलाकार अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में प्रस्तुत होने वाला यह नाटक कला प्रेमियों, साहित्य अनुरागियों तथा रंगकर्म से जुड़े लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

आयोजकों ने शिमला व आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों, पर्यटकों, कला प्रेमियों एवं विद्यार्थियों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में गेयटी थिएटर पहुंचकर इस उत्कृष्ट नाट्य प्रस्तुति का आनंद लें तथा कलाकारों का उत्साहवर्धन करें।
कार्यक्रम विवरण:
• नाटक – रंगमंच का आखिरी दिन
• निर्देशन एवं परिकल्पना – राजेश भारद्वाज
• तिथि – 14 जून, 2026
• समय – सायं 6:00 बजे
• स्थान – गेयटी थिएटर, शिमला
• प्रस्तुति – हिमाचल प्रदेश सचिवालय सांस्कृतिक क्लब
• आयोजक – जिला प्रशासन, शिमला (अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026)