सबकी खबर , पैनी नज़र

June 14, 2026 10:24 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

June 14, 2026 10:24 pm

नड्डा जी का दो दिवसीय हिमाचल प्रवास भाजपा में नया उत्साह भर गया, कांग्रेस सरकार की चूलें हिल गईं — डॉ. राजीव बिंदल

कट मनी सरकार की सच्चाई जनता के सामने आई, नड्डा जी ने केंद्र के सहयोग और कांग्रेस के भ्रष्टाचार का पूरा लेखा-जोखा रखा

शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय नेता, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, रसायन एवं उर्वरक मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा का दो दिवसीय हिमाचल प्रवास प्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह, नई ऊर्जा और नया आत्मविश्वास भर गया है। इस प्रवास ने न केवल संगठन को मजबूती प्रदान की बल्कि कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की विफलताओं को भी जनता के सामने उजागर कर दिया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि नड्डा जी के दो दिवसीय प्रवास ने कांग्रेस पार्टी और प्रदेश सरकार की नींद उड़ा दी है। जिस प्रकार प्रदेशभर में जनता, कार्यकर्ताओं और विभिन्न वर्गों ने उनका स्वागत किया, उससे स्पष्ट हो गया कि हिमाचल की जनता का विश्वास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी की नीतियों में लगातार बढ़ रहा है। दूसरी ओर कांग्रेस सरकार जनता का विश्वास खो चुकी है और इसी कारण उसके नेताओं में घबराहट स्पष्ट दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि नड्डा जी ने अपने प्रवास के दौरान तथ्यों और आंकड़ों के साथ यह बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को विकास, आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, रेलवे, आपदा राहत और विशेष सहायता योजनाओं के माध्यम से अभूतपूर्व आर्थिक सहयोग प्रदान किया है। केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को हजारों करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध करवाई, लेकिन कांग्रेस सरकार उस धनराशि का सही उपयोग करने में पूरी तरह विफल रही है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि नड्डा जी ने जिस प्रकार प्रदेश सरकार को “कट मनी सरकार” की संज्ञा दी, उसने कांग्रेस नेताओं को निरुत्तर कर दिया है। प्रदेश की जनता आज पूछ रही है कि केंद्र से आने वाले विकास के पैसे आखिर जा कहां रहे हैं? क्यों विकास कार्य ठप पड़े हैं? क्यों कर्मचारियों, पेंशनरों, युवाओं और विभिन्न वर्गों को बार-बार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है? क्यों हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी की शिकायतें सामने आ रही हैं?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने से पहले बड़ी-बड़ी गारंटियां दी थीं, लेकिन आज प्रदेश की जनता स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रही है। रोजगार, विकास, निवेश, पर्यटन, उद्योग और जनकल्याण के क्षेत्र में कांग्रेस सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। प्रदेश का आर्थिक प्रबंधन चरमरा चुका है और सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए रोज नए बहाने खोज रही है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि श्री जगत प्रकाश नड्डा ने अपने प्रवास के दौरान संगठनात्मक बैठकों में भाजपा कार्यकर्ताओं के समर्पण, अनुशासन और मेहनत की सराहना की। उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं तथा नगर निकाय चुनावों में भाजपा की शानदार सफलता के लिए प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों और भाजपा कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि नड्डा जी का प्रवास केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि यह हिमाचल प्रदेश के विकास, संगठन की मजबूती और जनता के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता का संदेश था। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में जनता की भारी भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा के प्रति विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है और कांग्रेस सरकार के प्रति जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा नड्डा जी के प्रवास के बाद दिए जा रहे बयान स्वयं इस बात का प्रमाण हैं कि नड्डा जी द्वारा उठाए गए मुद्दों और प्रस्तुत किए गए तथ्यों ने कांग्रेस सरकार को असहज कर दिया है। कांग्रेस के पास तथ्यों का जवाब नहीं है, इसलिए उसके नेता केवल राजनीतिक बयानबाजी का सहारा ले रहे हैं।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश की जनता के हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी और केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल प्रदेश को दिए जा रहे सहयोग तथा कांग्रेस सरकार की विफलताओं को जनता के बीच लगातार उजागर करती रहेगी।