सबकी खबर , पैनी नज़र

June 19, 2026 9:50 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

June 19, 2026 9:50 pm

28 जून को जिला शिमला में मनाया जाएगा पोलियो इम्यूनाइजेशन डे

शिमला 19 जून, 2026, 29 व 30 जून को घर-घर जाकर पिलाई जाएंगी पोलियो की बूंदें

उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में तैयारियों की समीक्षा

शोघी पुलिस बेरियर और माॅल रोड़ पर लगेगा विशेष बूथ

विशेष बूथ पर सांस्कृतिक दल देगा लोकगीतों पर प्रस्तुति

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आज पोलियो इम्यूनाइजेशन डे की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया की जिला शिमला में आगामी 28 जून, 2026 को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अंतर्गत पोलियो इम्यूनाइजेशन डे आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर जिले भर में विशेष पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो रोधी दवा की बूंदें पिलाई जाएंगी। इसके उपरांत 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथों तक नहीं पहुंच पाएंगे।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि शोघी पुलिस बेरियर पर विशेष बूथ लगाया जाएगा जोकि शिमला में आने वाली सभी बसों के यात्रियों एवं पर्यटकों के लिए रहेगा। यहां पर एक सांस्कृतिक दल भी मौजूद रहेगा। जोकि यात्रियों के समक्ष हिमाचल संस्कृति से जुड़े लोकगीतों पर अपनी प्रस्तुति देगा। इसके अलावा शिमला माॅल रोड़ पर रोटरी क्लब के समीप भी पर्यटकों के लिए विशेष बूथ लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला के 11 खंडों में 4998 बच्चों को पोलिया ड्राप्स पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि पोलियो उन्मूलन अभियान बच्चों के स्वस्थ भविष्य से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है तथा इसकी सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की बूंदें पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए तथा अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि सभी पोलियो बूथ पर आवश्यक व्यवस्था समय रहते पूरी कर ली जाएं। साथ ही दूरदराज एवं दुर्गम क्षेत्रों में विशेष ध्यान देते हुए बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिक से अधिक अभिभावकों को जागरूक किया जाए ताकि वे अपने बच्चों को पोलियो बूथों तक लेकर आएं।

बैठक में बताया गया कि अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए जिले में विशेष टीमें गठित की गई हैं। बस अड्डों, मंदिर, बाजारों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी बूथ स्थापित किए जाएंगे, जहां यात्रा कर रहे बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी।

उपायुक्त ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे 28 जून को अपने पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर जाएं तथा पोलियो की दो बूंदें पिलाकर उन्हें इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित बनाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत के लक्ष्य को बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है।

बैठक में अभियान से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं, मानव संसाधन, परिवहन, वैक्सीन उपलब्धता तथा निगरानी तंत्र पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ यशपाल रांटा, डॉ प्रवीण भारद्वाज, डॉ प्रियंका शर्मा, डॉ अश्विनी कुमार, सीएचओ नगर निगम डॉ अंजली चौहान, जिला कार्यक्रम अधिकारी ममता पाॅल सहित स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।