
*नौकरियों का लालच देकर ब्लॉक समिति के सदस्यों पर दबाव बनाया जा रहा है*
*ढाई हजार से ज्यादा संस्थान अकारण बंद किए, सुक्खू सरकार ने पहले शिक्षक हटाए, बाद में स्कूल बंद किए*
*काम करने के बजाय साजिश करने में मुख्यमंत्री सुक्खू को हासिल है महारत*
*करसोग विधानसभा के चिंडी में नेता प्रतिपक्ष ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को अर्पित की श्रद्धांजलि*
मंडी : पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने तत्तापानी में मीडिया प्रतिनिधियों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह सरकार “पलटूराम” सरकार है, जो दो कदम आगे बढ़ती है तो दस कदम पीछे खींचती है। इस प्रकार के फैसलों से सिर्फ और सिर्फ प्रदेश का नुकसान हो रहा है। उन्होंने सरकार द्वारा सत्ता के दुरुपयोग के माध्यम से जनादेश को हथियाने के प्रयासों की आलोचना करते हुए कहा कि पहले मुख्यमंत्री चुनाव नहीं करवाना चाहते थे, लेकिन माननीय न्यायालय के आदेश के बाद उन्हें चुनाव करवाने पड़े। इस दौरान उन्होंने जितने भी अड़ंगे डाल सकते थे, डाले, लेकिन न्यायालय के स्पष्ट आदेशों के सामने उनकी एक भी कुटिल चाल कामयाब नहीं हुई और अंततः चुनाव करवाने पड़े, जिनमें उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि जनता द्वारा नकार दिए जाने के बाद भी मुख्यमंत्री लोकतंत्र का सम्मान नहीं कर रहे हैं। सरकार अब भी अपने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाने की कुटिल चाल चल रही है। स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम आए एक महीने का समय हो चुका है और पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव परिणाम घोषित हुए तीन सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन सरकार अभी तक ब्लॉक समिति, जिला परिषद और अन्य स्थानीय निकायों में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव की तिथि घोषित नहीं कर रही है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि भारतीय जनता पार्टी समर्थित विजयी प्रतिनिधियों पर दबाव बनाया जा सके, उन्हें प्रताड़ित किया जा सके और डराया-धमकाया जा सके। उनके खिलाफ विजिलेंस जांच, तबादले या अन्य प्रशासनिक कार्रवाइयों का सहारा लेकर दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जोगिंदरनगर ब्लॉक समिति के चुनाव के समय सरकार ने जल शक्ति विभाग में बड़ी संख्या में पद सृजित कर दिए और रातों-रात उन्हें भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी। जनपद स्तर पर चुनकर आए प्रतिनिधियों के समर्थकों को उन पदों पर समायोजित किया गया और उन्हें कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने के लिए विवश किया गया। इस प्रकार के हथकंडे अपनाकर सरकार कुछ स्थानों पर परिणाम भले बदल ले, लेकिन विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता कांग्रेस को इसका जवाब देगी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू विजनलेस हैं। सरकार का काम संस्थान खोलना और सुविधाएं उपलब्ध कराना होता है, न कि उन्हें बंद करना। सत्ता संभालते ही उन्होंने संस्थान बंद करने का अभियान शुरू कर दिया और ढाई हजार से अधिक संस्थान बंद कर दिए। क्या ये संस्थान बिना आवश्यकता और वित्तीय प्रबंधन के खोले गए थे? ये सभी संस्थान जनता की मांग और आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए तथा कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए खोले गए थे। मुख्यमंत्री कहते हैं कि स्कूलों में छात्रों की संख्या नहीं है, लेकिन वह यह नहीं बताते कि उनकी सरकार पहले स्कूलों से शिक्षकों का तबादला करती है, जिससे छात्र संख्या घट जाती है और फिर स्कूलों को बंद कर दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि काम करने के बजाय साजिश करने में मुख्यमंत्री माहिर हैं। यह बात केवल हम नहीं कह रहे, बल्कि हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह भी अक्सर कहा करते थे। मुख्यमंत्री के कार्य स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की बातों की पुष्टि करते हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार दूध खरीद को लेकर देशभर में अपनी पीठ थपथपाती रहती है और इसे अपनी फ्लैगशिप योजना बताती है, लेकिन वास्तविकता यह है कि आए दिन दूध खरीद केंद्रों पर किसान अपना दूध फेंकने को मजबूर हो रहे हैं। पूरे देश में दूध की भारी मांग है, लेकिन सरकार के पास उसे प्रोसेस करने की पर्याप्त क्षमता नहीं है। इसके लिए क्या किसान जिम्मेदार हैं? उन्होंने कहा कि चारों ओर ऐसी स्थिति इसलिए बन रही है क्योंकि यह सरकार पूरी तरह से भ्रमित, दिशाहीन और विजनलेस है।
*करसोग विधानसभा के चिंडी में नेता प्रतिपक्ष ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को अर्पित की श्रद्धांजलि*
मण्डी/करसोग: करसोग विधानसभा क्षेत्र के चिण्डी में पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर राष्ट्रवादी विचारक एवं अखंड भारत के संकल्प के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। एक महान शिक्षाविद्, कुशल प्रशासक, प्रखर चिंतक और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले युगद्रष्टा के रूप में उन्होंने देश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। जयराम ठाकुर ने कहा कि “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” के उनके संकल्प ने राष्ट्रीय एकता को नई दिशा दी और राष्ट्र की अखंडता के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का त्याग, राष्ट्रभक्ति और सेवा का आदर्श हम सभी को राष्ट्रहित में समर्पित भाव से कार्य करने की निरंतर प्रेरणा देता रहेगा।
श्रद्धांजलि सभा के बाद उन्होंने करसोग विधानसभा क्षेत्र विभिन्न क्षेत्रों से आए ब्लॉक समिति के नव निर्वाचित सदस्यों से भेंट करने संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ करसोग के विधायक दीपराज समेत अन्य स्थानीय नेता पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








