पांच लाख नौकरियों का वादा करने वाली सरकार बताए युवाओं को क्या मिला, चर्चा में रही केवल उपमुख्यमंत्री की बेटी की नियुक्ति : बलदेव तोमर
शिमला। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर ने कांग्रेस की प्रदेश स्तरीय बैठक में भाजपा पर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब राजनीतिक भाषणों से नहीं, बल्कि सरकार के कामकाज से फैसला करेगी। कांग्रेस नेताओं को भाजपा पर आरोप लगाने के बजाय अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान कांग्रेस ने प्रदेश की महिलाओं, युवाओं, कर्मचारियों, किसानों और हर वर्ग से बड़े-बड़े वादे किए थे। महिलाओं को प्रतिमाह ₹1500 देने की गारंटी, युवाओं को पांच लाख रोजगार देने का वादा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के दावे किए गए थे, लेकिन आज इनमें से अधिकांश वादे केवल चुनावी घोषणाएं बनकर रह गए हैं। प्रदेश की लाखों महिलाएं आज भी ₹1500 की गारंटी का इंतजार कर रही हैं, जबकि युवा रोजगार की आस लगाए बैठे हैं।
बलदेव तोमर ने कहा कि उपमुख्यमंत्री ने चुनावी सभाओं में बार-बार कहा था कि प्रदेश के युवाओं को आउटसोर्स नहीं बल्कि नियमित सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। लेकिन वास्तविकता यह है कि प्रदेश के बेरोजगार युवा आज भी भर्तियों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि किसी नियमित सरकारी नियुक्ति की सबसे अधिक चर्चा हुई है, तो वह उपमुख्यमंत्री की बेटी की नियुक्ति है। कांग्रेस सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि प्रदेश के लाखों युवाओं से किए गए रोजगार के वादों का क्या हुआ और नियमित भर्ती प्रक्रिया क्यों ठप पड़ी हुई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब अपनी नाकामियों से ध्यान हटाने के लिए भाजपा और सोशल मीडिया पर दोषारोपण कर रही है। सोशल मीडिया पर जनता अपनी समस्याएं और सरकार की विफलताएं स्वयं सामने रख रही है। इसे दुष्प्रचार कहना लोकतांत्रिक आवाज को दबाने का प्रयास है। सरकार यदि अपने कार्यों को लेकर आश्वस्त है तो उसे जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए, न कि आलोचना से घबराना चाहिए।
तोमर ने कहा कि हाल ही में हुए पंचायत, बीडीसी और जिला परिषद चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को व्यापक जनसमर्थन मिला है। यह स्पष्ट संकेत है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की कार्यशैली से निराश है और भाजपा की नीतियों तथा संगठन पर विश्वास जता रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा वर्ष 2027 के चुनावों को लेकर किए जा रहे दावे केवल राजनीतिक बयानबाजी हैं। जनता चुनावी मंचों पर किए गए वादों का हिसाब मांग रही है। कांग्रेस को पहले यह बताना चाहिए कि महिलाओं की गारंटी, युवाओं को रोजगार, कर्मचारियों के हितों और विकास से जुड़े वादों का क्या हुआ।
बलदेव तोमर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश की जनता के बीच जाकर कांग्रेस सरकार की अधूरी गारंटियों, रोजगार के झूठे वादों और जनविरोधी नीतियों को तथ्यात्मक रूप से उजागर करती रहेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनता का होता है और प्रदेश की जनता अब वादों से नहीं, बल्कि काम और जवाबदेही के आधार पर सरकार का मूल्यांकन करेगी।








