सबकी खबर , पैनी नज़र

July 5, 2026 8:01 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

July 5, 2026 8:01 pm

प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति, बूथ स्तर तक पहुंचाएंगे भाजपा की विचारधारा : सुरेश कश्यप

कांग्रेस सरकार जनविरोधी नीतियों में व्यस्त, युवाओं को रोजगार नहीं मिला; चर्चा में रही केवल उपमुख्यमंत्री की बेटी की नियमित नियुक्ति : सुरेश कश्यप

पाँवटा साहिब, सिरमौर।
भारतीय जनता पार्टी जिला सिरमौर का दो दिवसीय ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान’ आज पाँवटा साहिब में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि संगठन का प्रशिक्षण केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह कार्यकर्ताओं में राष्ट्रसेवा, अनुशासन, संगठनात्मक क्षमता और जनसेवा के संस्कार विकसित करने का माध्यम है।
उन्होंने कहा कि दो दिनों तक विभिन्न विषयों पर वरिष्ठ वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। भाजपा की विचारधारा, संगठन की कार्यपद्धति, बूथ प्रबंधन, सेवा कार्य, डिजिटल संवाद, सुशासन तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
सुरेश कश्यप ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान और अनुभव को कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में लेकर जाएंगे तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ केंद्र सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित अंत्योदय का सिद्धांत भाजपा की कार्यशैली का मूल आधार है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य करता है और यही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।
प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों और किसानों से अनेक बड़े वादे किए थे, लेकिन ढाई वर्ष बीत जाने के बाद भी अधिकांश वादे अधूरे पड़े हैं। प्रदेश की लाखों महिलाएं अपनी गारंटियों का इंतजार कर रही हैं, जबकि बेरोजगार युवा रोजगार की राह देख रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने युवाओं को लाखों रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन आज तक प्रदेश के युवाओं को उसका लाभ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में यदि किसी नियमित सरकारी नियुक्ति की सबसे अधिक चर्चा हुई है, तो वह उपमुख्यमंत्री की बेटी की नियुक्ति है। कांग्रेस सरकार को बताना चाहिए कि प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं के लिए उसकी रोजगार नीति आखिर कहां है।
सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति भी लगातार बिगड़ती जा रही है। हत्या, गोलीबारी, नशा और अन्य आपराधिक घटनाओं में वृद्धि चिंता का विषय है। हिमाचल जैसे शांत प्रदेश में इस प्रकार की घटनाएं सरकार की प्रशासनिक विफलता को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का पहला दायित्व नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, जिसमें वह असफल साबित हुई है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशिक्षण शिविर से निकले सभी कार्यकर्ता संगठन की विचारधारा, सेवा और समर्पण की भावना के साथ जन-जन तक पहुंचेंगे तथा भाजपा को बूथ स्तर से और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सकारात्मक राजनीति, सुशासन और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ निरंतर जनता की सेवा करती रहेगी।
समापन अवसर पर जिला एवं मंडल पदाधिकारी, प्रशिक्षण शिविर के वक्ता, प्रशिक्षक तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।