सबकी खबर , पैनी नज़र

July 15, 2026 2:27 am

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

July 15, 2026 2:27 am

कांग्रेस ने बाबा साहब का सम्मान नहीं किया, मोदी सरकार ने दिया सर्वोच्च सम्मान : कृष्ण लाल पंवार

कैबिनेट मंत्री बोले— 17 जुलाई को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन राष्ट्र को समर्पित करेंगे प्रधानमंत्री, हरियाणा को मिलेंगी कई बड़ी सौगातें

चंडीगढ़:पवन चोपड़ा, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कांग्रेस पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहब के सम्मान में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद बाबा साहब को वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे अधिकारी थे, जबकि मोदी सरकार ने उनके विचारों और योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित किया।
पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संतों, महापुरुषों और समाज सुधारकों के सम्मान के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहे हैं। उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को बाबा साहब की जयंती पर प्रधानमंत्री स्वयं हरियाणा के हिसार और यमुनानगर पहुंचे थे। उनके अनुसार, केवल बाबा साहब की तस्वीरें लगाकर राजनीति करने और वास्तविक सम्मान देने में बड़ा अंतर है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लंबे शासनकाल में डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न नहीं दिया गया। वर्ष 1990 में गैर-कांग्रेसी सरकार के दौरान उन्हें देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न प्रदान किया गया। पंवार ने कहा कि बाबा साहब की जयंती पर राष्ट्रीय अवकाश घोषित करने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. अंबेडकर से जुड़े जन्मस्थल, शिक्षा स्थल, दीक्षा स्थल और दिल्ली स्थित महापरिनिर्वाण स्थल को विकसित कर पंचतीर्थ के रूप में सम्मानित किया गया है, जहां आज लाखों लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचते हैं।
पंवार ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए यह भी कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने बाबा साहब का अंतिम संस्कार दिल्ली में नहीं होने दिया था, जिसके कारण उनका अंतिम संस्कार अन्य स्थान पर करना पड़ा।
हरियाणा को मिली ऐतिहासिक सौगात : पंवार
कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 17 जुलाई के कार्यक्रम के लिए हरियाणा के जींद का चयन कर प्रदेश का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जींद से सोनीपत के बीच चलने वाली देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। लगभग 89 किलोमीटर लंबे इस रेल मार्ग पर शुरू होने वाली यह ट्रेन हरित ऊर्जा और आधुनिक तकनीक की दिशा में भारत की बड़ी उपलब्धि होगी।
उन्होंने कहा कि इसी अवसर पर मेडिकल कॉलेज सहित कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा। पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर सदैव विशेष आशीर्वाद रहा है, जिसके चलते प्रदेश को लगातार विकास परियोजनाओं का लाभ मिल रहा है।
भारत ने हर क्षेत्र में बनाई नई पहचान
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश ने आर्थिक, सुरक्षा और सांस्कृतिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि भारत की सैन्य क्षमता में निरंतर वृद्धि हुई है और देश वैश्विक स्तर पर मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरा है। अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ। उन्होंने कहा कि जो भारत पहले रक्षा उपकरणों का आयात करता था, वही आज दुनिया के अनेक देशों को हथियार निर्यात कर रहा है। उनके अनुसार, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और नीतियों का परिणाम है।