सबकी खबर , पैनी नज़र

September 22, 2026 12:06 am

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

September 22, 2026 12:06 am

प्रदेश में नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शीघ्र, चार नए ई-डिपो शुरू होंगेः मुकेश अग्निहोत्री

शिमला 16 जुलाई, 2026, उप-मुख्यमंत्री  मुकेश  अग्निहोत्री ने कहा है कि प्रदेश में शीघ्र ही नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से संबंधित सभी औपचारिकताओं को जल्दी ही पूरा कर इन्हें प्रदेशवासियों की सेवा में समर्पित किया जाएगा। साथ ही, प्रदेश में बनने वाले चार नए ई-डिपो भी जल्द शुरू किए जाएंगे।
श्री अग्निहोत्री आज यहां हिमाचन प्रदेश राज्य पथ परिहवन निगम के निदेशक मंडल की 163वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में निगम के संचालन, यात्री सुविधाओं तथा सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से शामिल की जा रही 297 इलेक्ट्रिक बसों के ट्रायल तथा उनके संचालन की तैयारियों की समीक्षा भी की गई।
मुकेश अग्निहोत्री ने निगम की बसों में टायरों की कमी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी बस का संचालन टायर, स्पेयर पार्ट्स अथवा अन्य आवश्यक सामग्री के अभाव में प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक सामग्री की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ वैकल्पिक प्रबंध भी पहले से किए जाएं, ताकि किसी भी परिस्थिति में बसों का संचालन बाधित न हो और यात्रियों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन और नए ई-डिपो शुरू होने से प्रदेश में हरित परिवहन को बढ़ावा मिलेगा तथा यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध होंगी।
बैठक में एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, निदेशक मंडल के सदस्य धर्मेंद्र धामी, प्रदीप सूर्या, मोहिंदर संधू और निशांत ठाकुर, अतिरिक्त सचिव परिवहन ओंकार चंद शर्मा, प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।