पंचकूला में सर्व समाज भाईचारा स्नेह मिलन समारोह, जातिवाद छोड़ एकता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान
चंडीगढ़। पवन चोपड़ा, पंचकूला में हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि राष्ट्र की मजबूती का आधार सामाजिक एकता और भाईचारा है। उन्होंने आह्वान किया कि समाज के सभी वर्ग जातीय सीमाओं से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
शनिवार को पंचकूला के सेक्टर-6 स्थित सर छोटू राम जाट भवन में आयोजित सर्व समाज भाईचारा स्नेह मिलन समारोह में विभिन्न सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और समाज के अलग-अलग वर्गों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि प्रदेश के करीब 11 जिलों में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं और यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। उनका उद्देश्य समाज को जोड़ना, आपसी विश्वास बढ़ाना और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना है।
शहीदों के बलिदान को याद रखें, समाज को बांटने से बचें
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि भारत की आजादी और राष्ट्र निर्माण में हर जाति, हर वर्ग और हर क्षेत्र के लोगों ने अपना योगदान दिया है। ऐसे में जातिवाद के नाम पर समाज को बांटना शहीदों के बलिदान और स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि सच्चा नेतृत्व वही है जो सभी वर्गों को समान दृष्टि से देखते हुए सबको साथ लेकर आगे बढ़े।
नई पीढ़ी को संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जोड़ने की जरूरत
उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को आधुनिकता के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक मूल्यों से भी जोड़े रखना आवश्यक है। यदि नई पीढ़ी अपनी जड़ों से कट जाएगी तो समाज का संतुलन भी प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि बड़े बदलाव छोटे-छोटे सामाजिक प्रयासों से ही संभव होते हैं और समाजहित में निरंतर कार्य करते रहना चाहिए।
राजनीति से ऊपर समाज सेवा का भाव जरूरी
पूर्व वित्त मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक प्रतिस्पर्धा स्वाभाविक है, लेकिन समाज सेवा किसी एक दल या व्यक्ति तक सीमित नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक सामाजिक संस्था और नागरिक को समाज के हित में योगदान देना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि नेतृत्व का उद्देश्य हर वर्ग का विश्वास जीतना और सबके विकास के लिए कार्य करना होना चाहिए।
हरियाणवी संस्कृति की मर्यादा बनाए रखने का किया समर्थन
महम क्षेत्र की खाप पंचायतों द्वारा हरियाणवी गीतों में अश्लीलता और अभद्र भाषा के विरोध में चलाए जा रहे अभियान का समर्थन करते हुए कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि लोक संस्कृति समाज की पहचान होती है। इसलिए गीत-संगीत में ऐसी भाषा और प्रस्तुति से बचना चाहिए, जिसका समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़े। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुधार के लिए समाज और प्रशासन दोनों को मिलकर काम करना होगा।
कारगिल शहीदों को दी श्रद्धांजलि
कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में देश के वीर सैनिकों का बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय चौधरी मित्रसेन आर्य का उल्लेख करते हुए बताया कि कारगिल युद्ध के दौरान उन्होंने शहीद परिवारों तक सरकारी सहायता पहुंचने से पहले आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने का दायित्व निभाया था। उन्होंने कहा कि देश कभी भी अपने वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को नहीं भूल सकता।
शिक्षा और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी रखे विचार
कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि समाज को शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक प्रगति करने की आवश्यकता है। उन्होंने जाट शिक्षण संस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी संस्थाओं को समय के अनुरूप और अधिक विकसित किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के खिलाफ जनभागीदारी को आवश्यक बताते हुए कहा कि जागरूक समाज ही सुशासन की मजबूत नींव रख सकता है।
अनेक गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
समारोह में हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, पूर्व डीजीपी एम.एस. मलिक, बी.एस. गिल, बलविंदर चौधरी, भाग सिंह दमदमा, दीपक शर्मा, परमजीत कौर, आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारी विजय देशवाल, पूर्व डीजी आईटीबीपी ईश्वर दुहन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कैप्टन अभिमन्यु ने आयोजन समिति, सर छोटू राम जाट भवन प्रबंधन तथा सभी अतिथियों का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया।






