चंडीगढ़:पवन चोपड़ा,कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, कुमारी सैलजा ने हरियाणा सरकार पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर नाकाम साबित हो रही है। प्रदेश में बढ़ती अपराधिक घटनाओं से जहां कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमर गई है। वहीं हत्या, लूटपाट, फिरौती और गोलीबारी जैसी वारदातों से प्रदेश का हर वर्ग भय के माहौल में जी रहा है। उन्होंने कहा सरकार को राजनीतिक बयानबाजी और कानून-व्यवस्था बेहतर होने के दावों के बजाय जमीन स्तर पर अपराध रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
सैलजा ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ चुके हैं कि वे दिनदहाड़े बड़ी से बड़ी वारदात को भी अंजाम देने से भी नहीं हिचक रहे। उन्होंने कहा की प्रदेश आए दिन गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं। हर दिन प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से लगातार आ रही मिल सूचनाएं सवाल खड़ा करती हैं कि आखिर अपराधियों के मन से कानून और पुलिस का डर क्यों खत्म हो गया है।
शैलजा ने कहा कि कुछ दिन पहले रोहतक में पुलिस थाने के सामने कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर बाइक सवार बदमाशों द्वारा कथित तौर पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना सामने आई थी। पुलिस थाने के सामने जनप्रतिनिधि के कार्यालय पर इस तरह की वारदात होना अपने आप में बेहद गंभीर है। जब जनप्रतिनिधि, कारोबारी और दुकानदार तक स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं तो आम परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है।
सैलजा ने कहा कि हरियाणा की पहचान विकास, खुशहाली, भाईचारे, मेहनतकश किसानों, जवानों और खिलाड़ियों से होती थी।
लेकिन अब लगातार बढ़ आपराधिक घटनाओं से प्रदेश की छवि को नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि अपराधियों, बदमाशों और संगठित गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बढ़ बढ़ रहे हैं जबकि आम जन में भय का माहौल बन रहा है।
सैलजा ने कहा कि प्रदेशवासियों के जान-माल की सुरक्षा सरकार की पहली संवैधानिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री और सरकार केवल आंकड़ों तथा दावों के सहारे कानून-व्यवस्था को बेहतर नहीं बता सकते। सरकार को जमीनी हकीकत स्वीकार करते हुए पुलिस व्यवस्था को मजबूत करना चाहिए और गंभीर अपराधों में शामिल अपराधियों एवं गिरोहों के खिलाफ प्रभावी अभियान चलाना चाहिए।
क्या कारण है कि प्रदेश में आए दिन अपराधिक मामले बढ़ते जा रहे हैं
सैलजा ने कहा कि सरकार को विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे कानून-व्यवस्था के सवालों को राजनीतिक आलोचना नहीं मानना चाहिए। आखिरकार अपराधियों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो रहें हैं। नागरिकों को भयमुक्त वातावरण कब मिलेगा। सरकार अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करे ताकि प्रदेश में शांति कायम हो।








