मंडी, 5 सितंबर, 2026।*
संसदीय क्षेत्र सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आज सांसद कंगना रनौत की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में संसदीय क्षेत्र में बढ़ते सड़क हादसों पर चिंता व्यक्त करते हुए सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा आमजन में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।
सांसद कंगना रनौत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटनाओं को कम करने के लिए लोगों में सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति व्यापक जागरूकता लाई जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित न रहें, बल्कि इन्हें जनभागीदारी के साथ प्रभावी एवं निरंतर बनाया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिएऑनलाइन माध्यमों, सोशल मीडिया और रील्स का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं तक सड़क सुरक्षा का संदेश पहुंचाने के लिए आधुनिक संचार माध्यमों का अधिक से अधिक इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
सांसद ने कहा कि सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियानों में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भी जोड़ा जाए, ताकि उनके माध्यम से सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति प्रभावी संदेश आम लोगों तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने जागरूकता अभियानों में आधुनिक तकनीक एवं डिजिटल माध्यमों के उपयोग पर भी बल दिया।
कंगना रनौत ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए प्रशासन, पुलिस, परिवहन विभाग तथा लोक निर्माण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। साथ ही, लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना भी जरूरी है।बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट को सुधारने के लिए किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई।
बैठक की कार्रवाई का संचालन क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) मंडी नवीन कुमार ने किया। उन्होंने सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक विभिन्न सड़कों पर 393 सड़क हादसे दर्ज किए गए हैं, जिनमें 773 लोग प्रभावित हुए हैं। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला में 323 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से सुधारने का कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक दलीप ठाकुर और पूर्ण चंद, सड़क सुरक्षा समिति के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य, जिला के सभी उपमंडलों के उपमंडलाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






