सबकी खबर , पैनी नज़र

September 16, 2026 1:15 am

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

September 16, 2026 1:15 am

श्री भूपेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एसजेवीएन ने 1320 मेगावाट बक्सर ताप विद्युत परियोजना की इकाई-II के वाणिज्यिक प्रचालन का जश्न मनाया

शिमला: 14.09.2026, श्री भूपेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एसजेवीएन ने बिहार में अवस्थित 1320 मेगावाट बक्सर ताप विद्युत परियोजना (बीटीपीपी) की 660 मेगावाट क्षमता वाली इकाई-II के वाणिज्यिक प्रचालन के महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने के उपलक्ष्य में परियोजना परिसर में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री राजेश कुमार चंदेल, निदेशक (परियोजनाएँ), एसजेवीएन भी उपस्थित रहे।
श्री भूपेंद्र गुप्ता ने रिबन काटकर तथा औपचारिक उद्घाटन बटन को दबाकर कार्यक्रम का शुभारंभ  किया। उन्होंने परियोजना के केंद्रीकृत नियंत्रण कक्ष का भी उद्घाटन किया तथा प्रचालन की तैयारियों और कार्यप्रणाली का जायजा लेने के लिए ऐश डाइक सहित परियोजना के प्रमुख प्रचालन घटकों का दौरा किया।
श्री भूपेंद्र गुप्ता ने टीम एसटीपीएल को संबोधित करते हुए इस उपलब्धि के लिए पूरी टीम को बधाई दी और इस कामयाबी का श्रेय उनके सामूहिक प्रयासों, समर्पण एवं टीम भावना को दिया। श्री गुप्ता ने  परियोजना के रणनीतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह परियोजना बिहार की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने तथा राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने टीम एसटीपीएल से इसी गति को बनाए रखने तथा विद्युत संयंत्र के सुरक्षित, कुशल एवं विश्वसनीय प्रचालन पर निरंतर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।श्री भूपेंद्र गुप्ता एवं श्री राजेश कुमार चंदेल का एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड (एसटीपीएल) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, श्री पुलक कुमार मुखोपाध्याय तथा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्वागत किया गया।
इस अवसर पर, श्री राजेश कुमार चंदेल, निदेशक (परियोजनाएँ) ने टीम एसटीपीएल की प्रतिबद्धता एवं निरंतर प्रयासों की सराहना की तथा इस उपलब्धि का श्रेय परियोजना से जुड़े सभी लोगों की सुदृढ़ टीम भावना को दिया।
दौरे के दौरान श्री भूपेंद्र गुप्ता एवं श्री राजेश कुमार चंदेल ने बिहार सरकार के ऊर्जा सचिव, श्री अजय यादव तथा बक्सर की जिला दंडाधिकारी, श्रीमती साहिला से भी मुलाकात की। बैठक के दौरान परियोजना से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई, जिसमें भूमि अधिग्रहण कार्य, सीएसआर, पीएसपी परियोजनाएँ, पीपीए से संबंधित मुद्दे, एसजेवीएन के पास उपलब्ध नवीकरणीय विद्युत तथा बिहार में संभावित निवेश के अवसर शामिल थे।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति एसजेवीएन की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए, श्री भूपेंद्र गुप्ता और श्री राजेश कुमार चंदेल ने परियोजना परिसर में पौधारोपण भी किया।
बिहार के बक्सर जिले के चौसा में अवस्थित 1320 मेगावाट की बक्सर ताप विद्युत परियोजना को एसजेवीएन की पूर्ण स्वामित्व वाली अधीनस्थ कंपनी एसजेवीएन थर्मल प्राइवेट लिमिटेड (एसटीपीएल) द्वारा निष्पादित किया गया है।