सबकी खबर , पैनी नज़र

September 29, 2026 10:15 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

September 29, 2026 10:15 pm

“निधि आपके निकट” कार्यक्रम के अंतर्गत जिला किन्नौर में श्री राजीव बिष्ट, अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त द्वारा नियोक्ताओं एवं श्रमिकों से संवाद

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, क्षेत्रीय कार्यालय शिमला द्वारा दिनांक 28 सितम्बर 2026 को हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों में “निधि आपके निकट” जागरूकता एवं संपर्क अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत जिला किन्नौर में मैसर्स जेएसडब्ल्यू हाइड्रो एनर्जी लिमिटेड में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री राजीव बिष्ट, अपर केंद्रीय भविष्य निधि आयुक्त (पंजाब एवं हिमाचल प्रदेश क्षेत्र) ने की।
इस अवसर पर श्री अमित सिंगला, क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-I, क्षेत्रीय कार्यालय शिमला तथा श्री दीपक राज शर्मा, प्रवर्तन अधिकारी, जिला किन्नौर भी उपस्थित रहे।
इस माह के कार्यक्रम का मुख्य विषय ” ईपीएफ से छूट तथा इसके रद्दीकरण और समर्पण एवं पिछली संचय राशि को जमा करना” था, जिसके बारे में स्थापना को विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई गई ।
श्री राजीव बिष्ट ने अवगत कराया कि ईपीएफओ की वेतन सीमा ₹15,000 से बढ़ाकर ₹25,000 कर दी गई है, जो 17 सितंबर 2026 से प्रभावी है। इस कदम से अधिक पात्र कर्मचारी सामाजिक सुरक्षा के दायरे में आएँगे और भविष्य निधि, पेंशन तथा बीमा सहित ईपीएफओ के लाभों तक उनकी पहुँच बढ़ेगी। उन्होंने विश्वास 2026 योजना, प्रधानमंत्री विकसित भारत रोज़गार योजना (जो रोज़गार सृजन और औपचारिक रोज़गार को बढ़ावा देती है), कर्मचारी नामांकन अभियान 2026 तथा एमनेस्टी 2026 के बारे में भी जानकारी दी।
श्री राजीव बिष्ट ने नियोक्ताओं से आग्रह किया कि वे पात्र कर्मचारियों का समय पर पंजीकरण और नामांकन सुनिश्चित करें तथा उन्हें उनके अधिकारों और हकों के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नियोक्ताओं एवं श्रमिकों की भविष्य निधि संबंधी शिकायतों/लंबित मामलों की सुनवाई कर यथासंभव मौके पर ही उनका निवारण किया गया।
क्षेत्रीय कार्यालय शिमला द्वारा जिले के समस्त नियोक्ताओं, श्रमिकों एवं पेंशनभोगियों से अपील की जाती है कि वे “निधि आपके निकट” कार्यक्रम का लाभ उठाएं तथा अपनी शिकायतों के निवारण एवं संगठन की पहलों की जानकारी हेतु अपने निकटतम आयोजन स्थल पर पहुंचें।