शिमला 16 नवंबर, 2026,उपायुक्त ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर जिला स्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत
पत्रकारिता की पहचान संस्थान के नाम से नहीं, बल्कि विश्वसनीयता, तथ्यपरकता और पेशेवर आचरण से
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के संप्रेषण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पत्रकारिता की वास्तविक पहचान किसी बड़े मीडिया संस्थान से जुड़ने या हाथ में कैमरा होने से नहीं, बल्कि पत्रकार की विश्वसनीयता, तथ्यपरकता, पेशेवर आचरण और जनहित के प्रति उसकी प्रतिबद्धता से होती है। एक छोटे संस्थान में कार्य करने वाला व्यक्ति भी अपनी सूझबूझ, निष्पक्षता और जिम्मेदार कार्यशैली से उत्कृष्ट पत्रकारिता कर सकता है।
उपायुक्त अनुपम कश्यप सोमवार को बचत भवन शिमला में राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस वर्ष प्रेस दिवस का विषय ‘पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ रहा।
उपायुक्त ने सभी पत्रकार बंधुओं को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के दौर में हर व्यक्ति सबसे पहले सूचना देने की होड़ में है। इस जल्दबाजी में कई बार अपुष्ट सूचनाएं जनता तक पहुंच जाती हैं, जिससे भ्रम और अनावश्यक भय की स्थिति पैदा हो सकती है। इसलिए पत्रकारिता में संयम, विवेक और तथ्यों की पुष्टि अत्यंत आवश्यक है। समाचार का उद्देश्य केवल किसी घटना को सामने लाना नहीं, बल्कि उसकी वास्तविकता और गंभीरता को सही परिप्रेक्ष्य में जनता तक पहुंचाना भी होना चाहिए। किसी घटना के सकारात्मक और नकारात्मक दोनों पहलुओं को तथ्यों के आधार पर प्रस्तुत करना ही जिम्मेदार पत्रकारिता है।
उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से सरकार की विकासात्मक योजनाओं, शिक्षा, कृषि, बागवानी, उद्योग और जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी आम जनता तक पहुंच रही है। पत्रकारों द्वारा प्रकाशित सफलता की कहानियां समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बन रही हैं। रामपुर के लवी मेले में पारंपरिक हिमाचली व्यंजनों का स्टॉल लगाने वाले व्यक्ति की सफलता की कहानी इसका उदाहरण है, जिसने प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद पारंपरिक खानपान को बढ़ावा देने की दिशा में कदम बढ़ाया। इसी प्रकार विभिन्न क्षेत्रों में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों और उनके प्रयासों को मीडिया के माध्यम से पहचान मिल रही है। इससे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरणा मिल रही है।
उपायुक्त ने भट्टाकुफर क्षेत्र में निर्माणाधीन टनल के समीप उत्पन्न स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी विकासात्मक परियोजना में जनसुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए। स्थिति की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और संबंधित विभागों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। सुरक्षा की दृष्टि से निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रुकवाया गया तथा संबंधित अनुमतियां भी वापस ली गईं। प्रभावित क्षेत्र के भवनों का वर्गीकरण, टनल के ऊपर स्थित मकानों की पहचान और सुरक्षित क्षेत्र की मैपिंग सहित आवश्यक कदम उठाए गए। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में प्रशासनिक कार्रवाई के साथ-साथ जनता तक सही और संपूर्ण जानकारी पहुंचाना भी आवश्यक है, ताकि लोगों में अनावश्यक भय और भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने कहा कि किसी भी घटना की रिपोर्टिंग करते समय संबंधित एजेंसियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों और तथ्यों को भी उचित स्थान मिलना चाहिए। यदि कहीं प्रशासनिक कमी या लापरवाही सामने आती है तो उसकी तथ्यात्मक आलोचना अवश्य होनी चाहिए, लेकिन समाचारों का प्रस्तुतीकरण संतुलित और जिम्मेदार तरीके से होना चाहिए।
उपायुक्त ने समर फेस्टिवल और अन्य बड़े आयोजनों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति वाले कार्यक्रमों में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा सुनिश्चित करना एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में किसी एक घटना या वीडियो के आधार पर पूरी व्यवस्था का आकलन करना उचित नहीं है। उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि वे पुलिस और प्रशासन के साथ जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों को भी समझें तथा जनता तक संतुलित जानकारी पहुंचाएं।
उन्होंने आगामी शीतकालीन मौसम और पर्यटन सीजन के मद्देनजर यातायात प्रबंधन में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शिमला में सीमित सड़क नेटवर्क और पार्किंग सुविधाओं के कारण पर्यटन सीजन के दौरान यातायात का दबाव बढ़ जाता है। उन्होंने मीडिया से पर्यटकों को कम से कम वाहनों का इस्तेमाल करने तथा एक ही क्षेत्र से आने वाले लोगों को वाहन साझा करने के लिए जागरूक करने का आग्रह किया। साथ ही वैकल्पिक मार्गों की जानकारी भी मीडिया के माध्यम से आम जनता और पर्यटकों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन, शिक्षा, नशा निवारण, प्रशासनिक जवाबदेही, पर्यटन और हिमाचल की समृद्ध संस्कृति से जुड़े विषयों पर मीडिया की सकारात्मक भूमिका समाज को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है। अच्छे कार्यों को पहचान दिलाने के साथ-साथ सुधार की आवश्यकता वाले विषयों को भी तथ्यों के आधार पर सामने लाना पत्रकारिता का दायित्व है।
खबर की तटस्थता और एआई के दौर में पत्रकारिता की विश्वसनीयता महत्वपूर्ण – गौरव सिंह
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस की सभी पत्रकार बंधुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकारिता का मूल आधार निष्पक्षता, सच्चाई और तथ्यपरकता है। समाचारों का संप्रेषण करते समय किसी भी प्रकार के पूर्वाग्रह से बचना और सभी पक्षों को उचित स्थान देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में सूचना का निर्माण और प्रसार पहले से कहीं अधिक तेज हो गया है। तकनीक के माध्यम से तस्वीरों, वीडियो और आवाज में बदलाव कर भ्रामक सामग्री तैयार करना भी आसान हुआ है। ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। किसी भी वीडियो, फोटो अथवा सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचना को सत्यापित किए बिना प्रकाशित करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय तथा सूचनाओं का जिम्मेदार आदान-प्रदान कानून व्यवस्था और जनविश्वास को मजबूत बनाने में सहायक है। खबर की तटस्थता बनाए रखना ही पत्रकारिता की विश्वसनीयता का आधार है।
सूचना का सही संप्रेषण और आपसी संवाद लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए जरूरी – पंकज शर्मा
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा ने सभी पत्रकारों को राष्ट्रीय प्रेस दिवस की बधाई देते हुए कहा कि पत्रकारिता में सूचना का संप्रेषण और आदान-प्रदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रशासन, पुलिस, मीडिया और आम जनता के बीच निरंतर संवाद से ही सही जानकारी का प्रवाह सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सूचना का केवल उपलब्ध होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका सही समय पर, सही संदर्भ में और सही माध्यम से जनता तक पहुंचना भी जरूरी है। विशेषकर आपदा, कानून व्यवस्था और संवेदनशील परिस्थितियों में भ्रामक अथवा अधूरी जानकारी से अनावश्यक तनाव पैदा हो सकता है। ऐसे समय में मीडिया की जिम्मेदारी है कि वह संबंधित पक्षों से तथ्यों की पुष्टि करें और जनता तक स्पष्ट, संतुलित तथा विश्वसनीय जानकारी पहुंचाए। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पत्रकारिता प्रशासनिक पारदर्शिता, जनभागीदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
पत्रकारिता का मूल धर्म सत्य, विवेक और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता – संजीव शर्मा
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के विषय वक्ता सहायक निदेशक मीडिया एवं संचार पी.आई.बी शिमला संजीव शर्मा ने ‘पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर विस्तार से अपने विचार रखते हुए कहा कि पत्रकारिता केवल घटनाओं को तेजी से जनता तक पहुंचाने की प्रतिस्पर्धा नहीं है, बल्कि यह सत्य की खोज, तथ्यों की पड़ताल और जनहित के प्रति जवाबदेही का माध्यम है। आज डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के विस्तार ने प्रत्येक व्यक्ति को सूचना प्रसारित करने का मंच दिया है, लेकिन सूचना प्रसारित करने की स्वतंत्रता के साथ उसकी सत्यता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है। सनसनीखेज प्रस्तुतीकरण कुछ समय के लिए लोगों का ध्यान आकर्षित कर सकता है, लेकिन पत्रकारिता की वास्तविक पूंजी जनता का विश्वास है। पत्रकार को किसी भी खबर के प्रकाशन से पहले उसके स्रोत, संदर्भ और प्रामाणिकता की जांच करनी चाहिए। विशेषकर संवेदनशील घटनाओं, सामाजिक तनाव और व्यक्तिगत प्रतिष्ठा से जुड़े मामलों में शब्दों का चयन और प्रस्तुतीकरण अत्यंत सावधानीपूर्वक होना चाहिए।
उन्होंने डीपफेक तकनीक के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की सहायता से किसी व्यक्ति के चेहरे, आवाज और हाव-भाव का इस्तेमाल कर ऐसे फोटो और वीडियो तैयार किए जा सकते हैं, जो देखने में पूरी तरह वास्तविक प्रतीत होते हैं, जबकि उनका वास्तविक घटना से कोई संबंध नहीं होता। यह तकनीक केवल किसी व्यक्ति की छवि को नुकसान पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सद्भाव, सार्वजनिक विश्वास और लोकतांत्रिक विमर्श को भी प्रभावित कर सकती है। इसलिए पत्रकारों के लिए डिजिटल सत्यापन, मूल स्रोत की पहचान और तकनीकी जांच की समझ विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पत्रकारिता की विश्वसनीयता इस बात से तय होगी कि वह कृत्रिम रूप से निर्मित सामग्री और वास्तविक तथ्यों के बीच कितनी प्रभावी ढंग से अंतर कर पाती है।
संजीव शर्मा ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए आईटी संशोधन विधेयक का उल्लेख करते हुए कहा कि डिजिटल मंचों और सोशल मीडिया पर निगरानी तथा सामग्री के नियमन से जुड़े प्रावधानों को सूचना के अधिकार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और जवाबदेही के व्यापक संदर्भ में समझना आवश्यक है। डिजिटल माध्यमों पर फैलने वाली भ्रामक और हानिकारक सामग्री पर नियंत्रण की आवश्यकता अपनी जगह है, लेकिन किसी भी नियामकीय व्यवस्था में पारदर्शिता, स्पष्ट जवाबदेही और नागरिकों के मौलिक अधिकारों का संतुलन भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि तकनीक की निगरानी आवश्यक हो सकती है, लेकिन पत्रकारिता की आत्मा पर निगरानी नहीं, बल्कि उसकी नैतिकता, स्वतंत्रता और आत्मानुशासन ही लोकतंत्र में उसका वास्तविक स्थान निर्धारित करते हैं।
समारोह में उपस्थित पत्रकारों ने भी पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, डिजिटल मीडिया की चुनौतियों, तथ्य सत्यापन और मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर जिला लोक संपर्क अधिकारी सिम्पल सकलानी ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि व विशेष अतिथियों का टोपी व शाल भेंट कर सम्मानित किया और सभी पत्रकारों को प्रेस दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सहयोग से पत्रकारों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन करवाया गया जिसमें उच्च रक्तचाप, मधुमेह जैसे कई विकारों की जांच की गई। आयोजित जांच शिविर में 70 से अधिक पत्रकारों और अन्य लोगों ने अपनी स्वास्थ्य जांच करवाई।
इस दौरान शिमला जिला के प्रिंट, इलेक्ट्रानिक व डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकार उपस्थित रहे।






