दो दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश के शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और उद्योग विशेषज्ञों ने लिया भाग; 123 शोध पत्र प्राप्त हुए
सोलन, 27 नवंबर 2026, शूलिनी विश्वविद्यालय के शूलिनी बिजनेस स्कूल ने ‘द एज ऑफ पॉलीक्राइसिस, एआई एंड क्लाइमेट एनॉमलीज इन अलायंस विद विकसित भारत 2047’ विषय पर पहले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ किया। दो दिवसीय सम्मेलन हाइब्रिड मोड में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और उद्योग विशेषज्ञों ने भाग लिया। सम्मेलन में इस बात पर चर्चा की गई कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और तेजी से बदलती जलवायु का भारत के विकास और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य पर क्या प्रभाव पड़ रहा है।सम्मेलन के लिए कुल 123 शोध पत्र प्राप्त हुए, जिनमें 23 अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र शामिल थे। आईआईटी जम्मू, पंजाब विश्वविद्यालय, दिल्ली विश्वविद्यालय सहित देश और विदेश के कई प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिनिधियों ने इसमें भाग लिया। सम्मेलन का आयोजन शूलिनी बिजनेस स्कूल के प्रेसिडेंट एवं डीन प्रो. वी.वी. गोपाल और डायरेक्टर, डॉक्टोरल स्टडीज डॉ. निखिल भारद्वाज के संयोजन में किया गया। सम्मेलन के सफल आयोजन में पीजी डायरेक्टर, यूजी डायरेक्टर, डॉक्टोरल रिसर्च टीम तथा बिजनेस स्कूल के शिक्षकों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक अशोक तेवारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि पश्चिमी सेना कमान के पूर्व कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल के.जे. सिंह (सेवानिवृत्त) ने विशिष्ट अतिथि के रूप में भाग लिया।मुख्य अतिथि अशोक तेवारी ने कहा कि जब कई संकट एक-दूसरे से जुड़कर और गंभीर रूप ले लेते हैं, तो इसे पॉलीक्राइसिस कहा जाता है। हिमाचल प्रदेश में मौसम से जुड़ा संकट जल्द ही बुनियादी ढांचे की समस्या बन सकता है, वहीं एआई से तैयार की गई भ्रामक जानकारी लोगों में डर और अफरा-तफरी फैला सकती है। उन्होंने कहा कि आज की समस्याएं आपस में जुड़ी हुई हैं, लेकिन हमारी संस्थाएं अक्सर अलग-अलग काम करती हैं। भविष्य की चुनौतियों का समाधान संस्थाओं के बीच बेहतर तालमेल से ही संभव है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए तकनीक, संस्थागत सहयोग और मानवीय मूल्यों को साथ लेकर चलना होगा, ताकि विकास तेज, बेहतर,न्यायसंगत और सभी के लिए समान अवसर देने वाला बने। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) के महत्व पर भी विचार रखे।
विशिष्ट अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल के.जे. सिंह (सेवानिवृत्त) ने कहा कि दुनिया आज लगातार बढ़ते संकटों और अनिश्चितताओं के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में भू-राजनीतिक परिस्थितियों को समझना और नई तकनीकों का सही उपयोग करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता से डरने के बजाय इसकी क्षमता को समझकर इसका बेहतर इस्तेमाल करना चाहिए।
प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए प्रो. वी.वी. गोपाल ने कहा कि वैश्विक संघर्षों का असर हमारे जीवन और आजीविका पर भी पड़ता है। सम्मेलन में मिले शोध पत्रों और अंतरराष्ट्रीय भागीदारी से स्पष्ट है कि इन चुनौतियों का समाधान खोजने के लिए शिक्षाविद और शोधकर्ता गंभीरता से प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य इस बात पर निर्भर नहीं करता कि हम संकटों का अनुमान कितनासही लगाते हैं, बल्कि इस पर निर्भर करता है कि हम उनसे कैसे निपटते हैं और चुनौतियों को अवसरों में कैसे बदलते हैं।
शूलिनी विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर प्रो. विशाल आनंद ने कहा कि वैश्विक बदलावों और तकनीकी चुनौतियों के इस दौर में भारत को मजबूत और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था बनाने के लिए शोध, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देना होगा। उन्होंने कहा, “एआई को अपना काम करने दें और हम उससे आगे की सोच विकसित करें।” उन्होंने कहा कि शूलिनी का लक्ष्य शोध के माध्यम से बौद्धिक संपदा तैयार करना और भारत में ऐसे उत्पाद विकसित करना है, जिन्हें दुनिया भर में पहचान मिले। यह प्रयास विकसित भारत 2047 के संकल्प को आगे बढ़ाने में योगदान देगा।
शूलिनी विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट, एआई एवं इनोवेशन प्रो. आशीष खोसला ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रबंधन के पारंपरिक सिद्धांतों और काम करने के तरीकों को बदल रही है। युद्ध, चिकित्सा और बिना ड्राइवर वालीगाड़ियों से लेकर कई क्षेत्रों में एआई का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहली बार मानव इतिहास में एक ऐसी तकनीक सामने आई है, जो इंसानी सोच को चुनौती दे रही है। भारत के पास ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था और बड़े बाजार की ताकत के कारण एआई के क्षेत्र में आगे बढ़ने के बड़े अवसर हैं। हालांकि, उन्होंने विद्यार्थियों से केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहने, नए कौशल सीखने, पुराने प्रबंधन सिद्धांतों पर सवाल उठाने और तकनीकी बदलावों से पैदा होने वाले उद्यमिता के अवसरों को पहचानने का आह्वान किया।
पंजाब विश्वविद्यालय के प्रो. अरुंदीप अहलूवालिया ने जलवायु और राजनीति के आपसी संबंध पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि जलवायु से जुड़े मुद्दे राजनीतिक फैसलों से प्रभावित होते हैं और राजनीति का भी पर्यावरण पर असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि टिकाऊ और भविष्य के लिए तैयार भारत बनाने के लिए पृथ्वी और पर्यावरण विज्ञान के प्रति लोगों में रुचि और जागरूकता बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत में अभी तक यूनेस्को से मान्यता प्राप्त कोईजियोपार्क नहीं है और उम्मीद जताई कि भविष्य में शूलिनी इस दिशा में पहल कर सकता है। उन्होंने पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने, पेड़ों को काटने और पहाड़ों को नष्ट करने जैसी गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।
दो दिनों तक चलने वाले इस सम्मेलन में मुख्य व्याख्यान, शोध पत्र प्रस्तुतियां और अकादमिक चर्चाएं आयोजित की गईं। इनमें पॉलीक्राइसिस, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, जलवायु में असामान्य बदलाव और भारत के विकास पर इनके संयुक्त प्रभाव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।








