शिमला 23 सितंबर, 2026, जिला प्रशासन शिमला ने नागरिकों से नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ‘सिविल डिफेंस वॉरियर्स’ के रूप में अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करवाने का आह्वान किया है।
जिला प्रशासन ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 15 अगस्त, 2026 को लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए नागरिक सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने पर बल दिया गया है। इसी दिशा में सिविल डिफेंस वॉरियर्स पोर्टल एवं मोबाइल एप के माध्यम से नागरिकों को नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक के रूप में पंजीकरण, प्रशिक्षण और आपात स्थिति में सेवाएं प्रदान करने के लिए एकीकृत मंच उपलब्ध करवाया गया है।
इस सम्बन्ध में 21 मई, 2025 को लॉन्च किए गए सिविल डिफेंस वॉरियर्स/वालंटियर्स वेब पोर्टल एवं मोबाइल एप पर नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों का पंजीकरण, वेरिफिकेशन, मंजूरी तथा मैनेजमेंट किया जा रहा है। इच्छुक नागरिक https://civildefencewarriors.gov.in/ पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक पंजीकरण मामलों के सत्यापन एवं अनुमोदन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्वयंसेवकों की तैयारियों और प्रभावशीलता को बढ़ाने के लिए उचित प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण तथा मॉक एक्सरसाइज आयोजित करने पर भी बल दिया गया है।
जिला प्रशासन ने छात्रों, युवाओं और आम जनता को नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक के रूप में पंजीकरण के लिए जागरूक एवं प्रोत्साहित करने का आह्वान किया है। स्वयंसेवकों को बिल्डिंग सुरक्षा, आग से सुरक्षा, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, आपातकालीन संचार, भीड़ प्रबंधन, सुरक्षित निकासी, राहत एवं पुनर्वास, टीम वर्क तथा सामुदायिक जागरूकता जैसे विभिन्न विषयों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने कहा कि आपदा एवं आपात परिस्थितियों में प्रशिक्षित नागरिक स्वयंसेवकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता से जिला में नागरिक सुरक्षा तंत्र को और मजबूत बनाया जा सकेगा।





