सबकी खबर , पैनी नज़र

LIVE TV

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

February 10, 2026 11:04 pm

भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में बोले सीएम नायब सैनी – संगठन की नींव कार्यकर्ताओं की निष्ठा, समर्पण और परिश्रम पर टिकी है

भाजपा के प्रशिक्षण शिविर पार्टी के लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम : नायब सैनी

प्रशिक्षण शिविरों में निखरता है कार्यकर्ताओं का संगठनात्मक कौशल : नायब सैनी

भाजपा संकल्प पत्र में दिए हर वादे को पूरा करेगी, पांच साल पूरा होने पर एक भी वादा शेष नहीं बचेगा : नायब सैनी

चंडीगढ़ (पवन चोपड़ा) समालखा पानीपत में भाजपा के प्रशिक्षण शिविर के पहले दिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सरकार की उपलब्धियां गिनवाई और कार्यकर्ताओं को पार्टी की नींव बताया। भाजपा जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और मंडल अध्यक्षों को संबोधित करते हुए सीएम सैनी ने कहा कि संगठन की नींव कार्यकर्ताओं की निष्ठा, समर्पण और परिश्रम पर टिकी हुई है। पार्टी के मंडल अध्यक्ष जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण भाव से भाजपा आज इस मुकाम पर पहुंची है। मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण शिविर में पहुंचने पर आभार जताया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
प्रशिक्षण शिविर के बारे में बोलते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के लिए इस तरह के प्रशिक्षण पार्टी के लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविरों में पार्टी की नीतियों, विचारों और कर्तव्यों को समझने का जहां अवसर मिलता है, वहीं संगठनात्मक कौशल निखारने का अवसर भी प्राप्त होता है। सैनी ने कहा कि इन शिविरों में पार्टी की नीतियां, सोशल नीतियां, जनसंपर्क और संगठनात्मक प्रबंधन के अलावा विभिन्न पहलूओं की जानकारी प्राप्त होती है तथा वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता हैं। सामाजिक राजनीतिक बदलाव, वातावरण और नए-नए प्रकल्पों एवं विचारों से जुड़ने का अवसर हमें कार्यशालाओं में मिलता है। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि आप इस दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में अनुभव और कौशल प्राप्त करके जाएंगे और जनमानस के साथ जुड़कर पार्टी की नीतियों और विचारों से लोगों को अवगत कराएंगे।
कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि चुनाव में कार्यकर्ताओं के परिश्रम से लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी। प्रदेश की जनता ने भाजपा को जो अपना जनादेश दिया है यह सभी आप लोगों के परिश्रम से संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव में मिली बड़ी जीत भाजपा की नीतियों की जीत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार जनता की इच्छाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए तीन गुणा तेज गति से विकास के कार्य कर रही है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच समन्वय का काम करते हैं। सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को जनता के बीच पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की तरफ से जो कार्य करने को मिलता है उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ पूरा करें। हमें सरकार के हर निर्णय और योजनाओं की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के निर्णयों की तारीफ खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया के अंदर अलग से चमक रहा है। देश और प्रदेश में स्पीड़ से विकास के कार्य हो रहे हैं। सरकार की उपलब्ध्यिं और योजनाओं के बारे में बोलते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारी सरकार ने पंचायती जमीन पर बने मकानों पर मालिकाना हक देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने नीति बनाई कि जिसके पास मकान नहीं है उसे मकान देने का काम किया। सरकार गरीबों को 100-100 गज के प्लॉट देने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत शहर के लोगों को प्लाट दिए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरियां दी जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है। तीसरी बार सरकार बनते ही हमने 25 हजार युवाओं को नौकरी देने का काम किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने पहली बार हरियाणा में ऐतिहासिक 2 लाख 5 हजार करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया है। बजट का पैसा किस मद में कैसे खर्च होना इसकी योजना रचना भी हमने तैयार कर ली है। नायब सैनी ने कहा कि भाजपा ने संकल्प पत्र में जो-जो वादे किए हैं उन्हें हम पूरा करेंगे। पांच साल पूरा होने पर एक भी वादा शेष नहीं बचेगा।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के समय में गांवों में 5-6 घंटे बिजली आती थी। कांग्रेस के लोग बिजली के नाम पर वोट मांगने जनता के बीच जाते थे। श्री सैनी ने कहा कि हमारी सरकार ने 24 घंटे बिजली देने का काम किया है। किसानों की 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने की गारंटी भाजपा सरकार ने दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को समृद्ध और मजबूत बनाने का काम कर रही है।