Himdev News – पहाड़ की हर खबर
Himdev News – पहाड़ की हर खबर

UGC रेगुलेशन, ODI सूची और CBI मामलों के बावजूद कुलपति का कार्यभार क्यों? नौणी विश्वविद्यालय की गरिमा से समझौता क्यों?

राज्यपाल तत्काल हस्तक्षेप करें, सरकार जवाब दे: ABVP

विजिलेंस क्लियरेंस किस आधार पर मिला? कुलपति का कार्यभार सौंपने के निर्णय की समीक्षा करे सरकार: तेजस्विनी सिंह गुलेरिया

शिमला, 27 नवंबर 2026। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की प्रान्त सह मंत्री तेजस्विनी सिंह गुलेरिया ने डॉ. हरमिंदर सिंह बवेजा को डॉ. वाई.एस. परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के कुलपति का कार्यभार सौंपे जाने पर हिमाचल प्रदेश सरकार से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति द्वारा यह कार्यभार सौंपे जाने के कारण राज्यपाल को भी इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए तथा सरकार इस निर्णय के आधार और संबंधित आधिकारिक अभिलेखों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करे।
तेजस्विनी सिंह गुलेरिया ने कहा कि UGC रेगुलेशन, 2018 के विनियम 7.3(i) में कुलपति के पद के लिए उच्चतम स्तर की योग्यता, सत्यनिष्ठा, नैतिक मूल्यों और संस्थान के प्रति प्रतिबद्धता को आवश्यक मानकों के रूप में निर्धारित किया गया है। विनियम में कुलपति के लिए एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद् होने तथा विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के रूप में न्यूनतम दस वर्ष का अनुभव रखने की अपेक्षा भी व्यक्त की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति द्वारा 8 मई, 2026 को जारी आदेश के माध्यम से डॉ. बवेजा को 9 मई, 2026 से विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार सौंपा गया था। यह व्यवस्था उनके वर्तमान कर्तव्यों के अतिरिक्त, अगले आदेश तक अथवा नए कुलपति की नियुक्ति तक, जो भी पहले हो, के लिए की गई थी।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब कुलपति जैसे महत्वपूर्ण शैक्षणिक पद के लिए UGC रेगुलेशन में स्पष्ट मानक निर्धारित हैं, तो सरकार को बताना चाहिए कि डॉ. बवेजा को कार्यभार सौंपते समय इन मानकों का किस प्रकार परीक्षण किया गया और इनका समुचित ध्यान क्यों नहीं रखा गया।
तेजस्विनी सिंह गुलेरिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा में तारांकित प्रश्न संख्या 4438 के उत्तर में 17 नवंबर, 2026 को प्रस्तुत आधिकारिक अभिलेखों के अनुसार, विश्वविद्यालय प्रशासन ने 31 जनवरी, 2026 को डॉ. बवेजा का नाम ODI सूची में शामिल करने की अनुशंसा की थी। यह पत्र 4 फरवरी, 2026 को संबंधित प्रशासनिक विभाग को प्राप्त हुआ था तथा 7 मार्च, 2026 को सतर्कता विभाग द्वारा संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई थी।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में प्रस्तुत आधिकारिक अभिलेखों से स्पष्ट है कि डॉ. बवेजा का नाम ODI सूची में शामिल किए जाने का निर्णय कुलपति का कार्यभार सौंपे जाने से पहले लिया जा चुका था। ऐसे में सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि 9 मई, 2026 को कार्यभार सौंपते समय इस महत्वपूर्ण तथ्य पर विचार किया गया था या नहीं।
तेजस्विनी सिंह गुलेरिया ने सवाल उठाया कि हिमाचल प्रदेश विजिलेंस मैनुअल के पैरा 6.4 के अनुसार, यदि किसी सरकारी कर्मचारी का नाम ODI सूची में शामिल है, तो उसके संबंध में विजिलेंस क्लियरेंस सर्टिफिकेट जारी नहीं किया जाएगा। ऐसे में सरकार स्पष्ट करे कि डॉ. बवेजा को कुलपति का कार्यभार सौंपने से पहले विजिलेंस क्लियरेंस सर्टिफिकेट प्राप्त किया गया था या नहीं। यदि किया गया था, तो ODI सूची में नाम शामिल होने के बावजूद यह प्रमाणपत्र किस आधार पर और किन नियमों के तहत जारी किया गया?
उन्होंने कहा कि CBI की 8 जनवरी, 2026 की रिपोर्ट में डॉ. बवेजा से संबंधित तीन मामलों का उल्लेख है। इनमें दो मामलों में आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं, जबकि तीसरे मामले में दाखिल Closure Report को न्यायालय ने स्वीकार नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार द्वारा नवंबर, 2026 में जारी औपचारिक आरोपपत्र में भी कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं से संबंधित आरोपों का उल्लेख है। इन परिस्थितियों में सरकार की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वह कुलपति का कार्यभार सौंपने के निर्णय का आधार स्पष्ट करे।
उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य किसी व्यक्ति को दोषी घोषित करना नहीं है। किसी भी व्यक्ति का दोषी या निर्दोष होना सक्षम न्यायालय का विषय है। हमारा सवाल सरकार की जवाबदेही का है। सरकार बताए कि उपलब्ध आधिकारिक अभिलेखों के बावजूद कुलपति का कार्यभार सौंपने का निर्णय किस आधार पर लिया गया।”
तेजस्विनी सिंह गुलेरिया ने कहा कि चूंकि डॉ. बवेजा को कुलपति का कार्यभार सौंपने का आदेश राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति द्वारा जारी किया गया था, इसलिए राज्यपाल की जिम्मेदारी भी बनती है कि वे इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करें। उन्होंने मांग की कि राज्यपाल संबंधित आधिकारिक अभिलेखों का संज्ञान लेते हुए कार्यभार सौंपने के निर्णय की समीक्षा सुनिश्चित करें तथा विश्वविद्यालय की गरिमा और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
उन्होंने मांग की कि हिमाचल प्रदेश सरकार डॉ. बवेजा को कुलपति का कार्यभार सौंपने के निर्णय की निष्पक्ष एवं समयबद्ध समीक्षा करे। सरकार संबंधित आधिकारिक अभिलेखों, लागू कानूनों, नियमों और UGC रेगुलेशन के आलोक में अपनी स्थिति स्पष्ट करे। यदि समीक्षा में उनका इस पद पर बने रहना लागू नियमों अथवा पद से अपेक्षित मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है, तो उन्हें कार्यभार से मुक्त करने सहित उचित कार्रवाई की जाए।
तेजस्विनी सिंह गुलेरिया ने कहा कि नौणी विश्वविद्यालय की प्रतिष्ठा और विद्यार्थियों का भविष्य सर्वोपरि है। किसी भी शैक्षणिक संस्थान की गरिमा पारदर्शी प्रशासन और जवाबदेह व्यवस्था से ही सुरक्षित रह सकती है। सरकार को इस मामले में केवल औपचारिक स्पष्टीकरण देने के बजाय तथ्यों के आधार पर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।
“कोई भी सार्वजनिक पद जवाबदेही से ऊपर नहीं है। हिमाचल प्रदेश की जनता को जवाब चाहिए, खामोशी नहीं। सरकार को बताना होगा कि उपलब्ध आधिकारिक अभिलेखों के बावजूद कुलपति का कार्यभार सौंपने का निर्णय क्यों लिया गया और अब इस मामले में क्या कार्रवाई की जाएगी।”
तेजस्विनी सिंह गुलेरिया ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार इन सवालों पर विचार नहीं करती और उचित कार्रवाई नहीं करती, तो विद्यार्थी परिषद आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने कहा कि ABVP विद्यार्थियों के हितों, विश्वविद्यालय की गरिमा और पारदर्शिता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और इस मामले में लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगी।
जारीकर्ता:
तेजस्विनी सिंह गुलेरिया
प्रान्त सह मंत्री
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP), हिमाचल प्रदेश
मोबाइल: 9418668010

Have something to say? Post your comment