शिमला 21 मई, 2026, जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम कश्यप ने ठियोग खंड में पंचायत चुनावों की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में मतदान दलों की आवाजाही हेतु ब्लॉक स्तर पर वाहनों एवं बसों की व्यवस्था, पोलिंग कर्मियों के लिए बोर्डिंग एवं लॉजिंग सुविधाएं, चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों के भुगतान एवं बिलों के निपटान जैसे विषयों पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए संबंधित उपमंडलाधिकारियों (नागरिक) द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला परिषद उम्मीदवारों के व्यय की निगरानी तथा कैंडिडेट एक्सपेंडिचर रिपोर्टिंग सिस्टम (CERS) के माध्यम से खर्चों की मॉनिटरिंग पर भी विचार-विमर्श किया गया। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतगणना केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे एवं वेबकास्टिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा मतदान एवं मतगणना केंद्रों पर न्यूनतम मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने, रिजर्व एवं स्टैंडबाय वाहनों की तैनाती तथा मतगणना प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत पंचायत पदाधिकारियों के सत्यापित विवरण निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध करवाने के निर्देश भी जारी किए गए।
बैठक में संबंधित अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतगणना केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे, बेब कास्टिंग और वीडियो ग्राफी होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम कश्यप ने कहा कि पंचायती राज चुनाव पूर्ण रूप से पारदर्शी करवाएं जाएंगे। चुनावी ड्यूटी में तैनात सभी कर्मी ईमानदारी से कार्य कर रहे है। चुनावी ड्यूटी में किसी भी प्रकार की कोताही स्वीकार नहीं होगी।
इस मौके पर एसडीएम ठियोग डा शशांक गुप्ता, डीएसपी सिद्धार्थ शर्मा, खंड विकास अधिकारी नरेश चंद सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।










