सबकी खबर , पैनी नज़र

LIVE TV

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

March 26, 2026 5:34 pm

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने किया राजकीय महाविद्यालय आनी का दौरा

आनी,(जितेंद्र गुप्ता)28 नवम्बर 2024: वीरवार को राजकीय महाविद्यालय, आनी ज़िला कुल्लू में हिमाचल प्रदेश के माननीय शिक्षा मन्त्री रोहित ठाकुर पहुँचे। उनके साथ कॉंग्रेस के वरिष्ठ नेता बुद्धि सिंह ठाकुर, पूर्व प्रत्याशी आनी विधानसभा परस राम, पूर्व विधायककिशोरी लाल, डोला सिंह और अन्य गणमान्य लोग कॉलेज कैम्पस में पधारे।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कुँवर दिनेश सिंह ने पारम्परिक हिमाचली टोपी व मफ़लर पहनाकर शिक्षा मन्त्री और उनके साथ आये अतिथियों का स्वागत और अभिवादन किया। प्राचार्य ने शिक्षा मन्त्री को महाविद्यालय की गतिविधियों से अवगत कराया।
इस अवसर पर शिक्षा मन्त्री रोहित ठाकुर ने महाविद्यालय द्वारा प्रकाशित मासिक ई-न्यूज़लेटर “कैम्पस क्रोनिकल” के प्रथम अंक का विमोचन किया जो प्रति माह महाविद्यालय की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत करता रहेगा। प्रदेश में महाविद्यालय की इस अनूठी पहल के लिए शिक्षा मंत्री ने प्राचार्य और स्टाफ को बधाई दी।
इसके साथ ही शिक्षा मन्त्री ने प्राचार्य डॉ. कुँवर दिनेश सिंह के काव्य-संग्रह “आलोक के क्षणों में: चयनित कविताएँ और समीक्षाएँ” का भी लोकार्पण किया। इस सृजनात्मक कृति के लिए भी शिक्षा मन्त्री ने प्राचार्य को बधाई दी।
शिक्षा मन्त्री ने महाविद्यालय के शिक्षकों और ग़ैर-शिक्षक स्टाफ से मुलाक़ात की।
उन्होंने रिक्त पदों के ब्यौरे सहित संस्था की विभिन्न समस्याओं को सुना।
पी. टी. ए. के अध्यक्ष जवाहर ठाकुर ने शिक्षकों और पुस्तकालय स्टाफ के रिक्त पदों को शीघ्र भरे जाने तथा शारीरिक शिक्षा विषय में शिक्षक के पद को सृजित करने एवं कन्या छात्रावास और बहूद्देशीय भवन बनाए जाने की माँग शिक्षा मन्त्री के समक्ष रखी। महाविद्यालय छात्र संघ ने रिक्त पदों को भरने तथा स्नातकोत्तर कोर्स शुरू करने की माँग उठाई। शिक्षा मन्त्री ने सभी समस्याओं और माँगों के शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया।