शिमला 10 मार्च, 2026, अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और विशेष रूप से सक्षम लोगों के सशक्तिकरण विभाग (इसोमसा) के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि विभाग द्वारा हिमाचल प्रदेश के अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं के लिए ‘प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय)’ के अंतर्गत नाइलिट शिमला के सहयोग से निःशुल्क कौशल विकास पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस पहल के अंतर्गत कंसेप्ट्स ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोलॉजी, ऑफिस ऑटोमेशन, अकाउंटिंग तथा पब्लिशिंग असिस्टेंट जैसे पाठ्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं। कंसेप्ट्स ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोलॉजी के पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए किसी भी विषय एवं संकाय में स्नातक और ऑफिस ऑटोमेशन, अकाउंटिंग तथा पब्लिशिंग असिस्टेंट के पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए किसी भी संकाय में 12वीं युवा पात्र होंगे। यह पाठ्यक्रम 3 माह की अवधि के लिए संचालित किए जाएगें।
प्रवक्ता ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के पात्र अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान करना है। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रशिक्षुओं को योजना के प्रावधानों के अनुसार प्रति माह 2000 रुपये वज़ीफा भी प्रदान किया जाएगा। यह प्रशिक्षण नाइलिट के अनुमोदित केंद्रों में आयोजित किए जाएगें। उन्होंने कहा कि इच्छुक अभ्यर्थी नाइलिट की अधिकारिक वेबसाईट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त आवेदक संबधित ज़िले के ज़िला कल्याण अधिकारी अथवा निकटम नाइलिट केंद्र से अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।








