शिमला 08 जून, 2026, 08 से 12 जून, 2026 तक आयोजित किए जा रहे अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव के तहत नगर निगम ग्राउंड संजौली में प्रथम एंटी चिट्टा अंतर जिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारम्भ मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा किया गया। वॉलीबॉल प्रतियोगिता के प्रथम दिन पहला मैच शिमला ब्लू बनाम ऊना जिला के मध्य खेला गया जिसमें शिमला ब्लू 3-0 से विजेता रही। दूसरा मैच हमीरपुर बनाम बिलासपुर जिला के मध्य खेला गया जिसमें हमीरपुर 3-0 से विजयी रहा। अंतिम मैच शिमला येलो बनाम किन्नौर जिला के मध्य खेला गया जिसमें शिमला येलो 3-0 से विजयी रहा।
रानी झाँसी पार्क में लोगों ने चखा शिमला पहाड़ी स्वाद
रानी झाँसी पार्क में शिमला पहाड़ी स्वाद महोत्सव के तहत चयनित 13 प्रतिभागियों द्वारा स्टाल स्थापित किये गए हैं जिनमें 05 स्वयं सहायता समूह राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, एक समूह राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन तथा 07 ओपन कैटेगरी के हैं। इन स्टाल पर लोगों और पर्यटकों को पारम्परिक व्यंजन चखने को मिल रहे हैं। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा ने स्टॉल का निरीक्षण किया और महिलाओं द्वारा तैयार व्यंजनों को चखा।
रोटरी टाउन हॉल के समीप फ्लावर शो का आयोजन
रोटरी टाउन हॉल के समीप फ्लावर शो का आयोजन किया गया है जिसमें सेजिस द्वारा 100 प्रकार के फूल, आर्मी हेरिटेज म्यूजियम द्वारा 50, उद्यान विभाग द्वारा 36 और सीपीडब्लूडी द्वारा भी विभिन्न प्रकार के फुल प्रदर्शित किये गए हैं।
फन करैक्टरस के दीवाने हुए बच्चे
अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव – 2026 में विभिन्न फन करैक्टरस जैसे कि गोल्डन स्टैचू, पांडा, टेडी बेयर और पोलर बेयर शामिल रहे जिन्होंने लोगों और खासकर बच्चों को खूब मनोरंजन किया तथा लोगों ने भी उनके साथ सेल्फी खिंचवाई।
इसी कड़ी में आयोजित विभिन्न गतिविधियों में पुलिस सहायता कक्ष के समीप विभिन्न स्कूलों के छात्रों द्वारा जुम्बा नृत्य प्रदर्शन किया गया जिसमें राजकीय प्राथमिक विद्यालय पोर्टमोर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टूटू, राजकीय उच्च विद्यालय अप्पर सनहोग, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय समरहिल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लक्कर बाजार व राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पोर्टमोर के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसके अलावा छम्म नृत्य का प्रदर्शन भी किया गया। इसके अतिरिक्त गेयटी थिएटर में “जहर” नामक नाटक प्रस्तुत किया गया।








