सबकी खबर , पैनी नज़र

LIVE TV

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

October 29, 2025 10:40 pm

‘विकसित भारत’ और ‘विकसित हरियाणा’ के संकल्प को साकार करने के लिए हमें प्रतिबद्ध होकर कार्य करना होगा : नवीन जिन्दल

राज्य स्तरीय दिशा समिति की बैठक में सांसद नवीन जिन्दल ने कुरूक्षेत्र संसदीय क्षेत्र से जुड़े अनेक मुद्दे उठाए

चंडीगढ़ (पवन चोपड़ा)
चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय दिशा समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें कृष्ण लाल पंवार विकास एवं पंचायत मंत्री हरियाणा, नवीन जिन्दल सांसद, चौधरी धर्मवीर सिंह सांसद, जयप्रकाश सांसद, राम कुमार कश्यप विधायक, सावित्री जिन्दल विधायक और प्रदेश के प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। जिसमें मुख्य रूप से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की गई।
इस दौरान कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिन्दल ने प्रदेश के चहुंमुखी विकास, शिक्षा, कृषि, मजबूत बुनियादी ढांचे और जरूरतमंद लोगों से जुड़ी योजनाओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र कुरुक्षेत्र के विकास से जुड़े अनेक सुझाव भी दिए। इसके अलावा उन्होंने
शिक्षा क्षेत्र में सुधार: प्राथमिक स्तर से ही अंग्रेजी शिक्षा की शुरुआत करने का प्रस्ताव रखा, ताकि छात्रों की वैश्विक प्रतिस्पर्धा में भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

कृषि में नवाचार: प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और पशुधन की नस्ल सुधार के लिए नई तकनीकों के उपयोग करने पर जोर दिया, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो सके।

कौशल विकास: आईटीआई संस्थानों के स्तर को बेहतर बनाने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि युवाओं को उद्योग की मांग के अनुसार प्रशिक्षण मिल सके।

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना: अधिक से अधिक महिलाओं को एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की वकालत की, जिससे पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी और महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार होगा।

सड़क संरचना: कुरुक्षेत्र की प्रमुख सड़कों के निर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग की, ताकि क्षेत्रीय विकास को प्रोत्साहन मिल सके।

सफाई कर्मचारियों से संबंधित मुद्दा: सफाई कर्मचारियों को अधिकारियों द्वारा निजी कार्यों में लगाए जाने की समस्या को उठाया और इस पर तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता बताई।

मनरेगा योजना का विस्तार: मनरेगा को कृषि, स्वच्छता और फसल अवशेष प्रबंधन से जोड़ने का सुझाव भी दिया, जिससे ग्रामीण रोजगार में वृद्धि हो सके।

खेल सुविधाओं का विकास: कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के सभी स्टेडियमों में उच्च गुणवत्ता वाले प्रशिक्षकों, सफाई कर्मियों और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित हो सकें। जैसे जनकल्याणकारी व प्रदेश के विकास और आधारभूत ढांचे को और अधिक बनाने के सुझाव भी दिए।

मुख्यमंत्री ने सांसद जिन्दल के सुझावों की सराहना की और संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे इन प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करें और शीघ्र कार्यान्वयन सुनिश्चित करें। इस मौके पर सांसद नवीन जिन्दल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित हरियाणा’ के संकल्प को साकार करने के लिए हमें पूरी तरह से प्रतिबद्ध होकर कार्य करना होगा।
वहीं मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए समर्पित प्रयास करें और विकास कार्यों में पारदर्शिता और गति बनाए रखें।