अंशुल मुकाती/इंदौरः मध्य प्रदेश के इंदौर में बीते 3 दिनों से लापता टायर व्यापारी का सिमरोल के जंगलों में शव मिला है. व्यापारी का शव नग्न अवस्था में मिला है. व्यापारी के परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. फिलहाल लसूड़िया पुलिस मामले की जांच में जुटी है. पुलिस ने दो लोगों को संदेह के आधार पर हिरासत में भी लिया है.
क्या है मामला
खबर के अनुसार, टायर व्यापारी अशोक वर्मा 3 दिन पहले दुकान जाने के लिए अपने घर से निकले थे. हालांकि वह दुकान नहीं पहुंचे. जब परिजनों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो संपर्क भी नहीं हो पाया. काफी पड़ताल करने के बाद जब व्यापारी का पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. शिकायत मिलने के बाद से ही पुलिस लापता व्यापारी की तलाश में जुटी थी.
सोमवार को पुलिस को सिमरोल के जंगलों में गहरी खाई में एक शव के पड़ा होने की सूचना मिली. जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान करने की कोशिश की. जांच के बाद पता चला कि शव लापता टायर व्यापारी अशोक वर्मा का है. फिलहाल पुलिस ने शक के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया है. जिनसे पूछताछ की जा रही है. सिमरोल और लसूड़िया थाना पुलिस मामले की जाँच में जुटी है.








