झलकता इग्नू का समावेशी एवं आजीवन शिक्षा का संकल्प।
शिमला, 26 नवंबर 2026: शिक्षा प्राप्त करने की कोई आयु सीमा नहीं होती, इस कथन को 73 वर्षीय श्री अनिल कुमार डोगरा, निवासी वार्ड संख्या 6, धर्मशाला, जिला कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश ने अपने दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयासों से सार्थक कर दिखाया है।
लोक निर्माण विभाग (PWD) में अधीक्षक के पद पर सेवाएं दे चुके श्री डोगरा ने पंजाब विश्वविद्यालय से लोक प्रशासन में एम.ए. तथा कार्यालय संगठन एवं कार्यालय प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वे पंजाब प्रशासन विभाग से भी करियर अवार्ड परियोजना के अंतर्गत प्रोजेक्ट फेलो के रूप में जुड़े रहे हैं।
व्यक्तिगत एवं पारिवारिक जिम्मेदारियों के कारण उनकी शिक्षा यात्रा में अंतराल आया, लेकिन वर्ष 2023 में उन्होंने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) के माध्यम से अपनी पढ़ाई पुनः प्रारंभ करने का निर्णय लिया। इस दौरान उन्हें गंभीर पारिवारिक परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। अपनी पुत्री के जीवन की रक्षा के लिए उन्होंने अपनी एक किडनी दान की। इन परिस्थितियों के कारण वे मानसिक एवं भावनात्मक रूप से कठिन दौर से गुजरे और पढ़ाई छोड़ने का विचार किया। हालांकि, इग्नू से मिले मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन ने उन्हें पुनः शिक्षा की ओर लौटने के लिए प्रेरित किया।
उनकी इस यात्रा का सबसे भावुक एवं यादगार क्षण वह रहा, जब लगभग 51 वर्षों के अंतराल के बाद उन्होंने उसी राजकीय महाविद्यालय में परीक्षा दी, जहां से उन्होंने अपनी युवावस्था के दिनों में शिक्षा प्राप्त की थी। वर्तमान में वे इग्नू के माध्यम से एम.ए. की पढ़ाई कर रहे हैं और इग्नू शिक्षार्थी सहायता केंद्र 1105, धर्मशाला में परीक्षा में सम्मिलित हुए। भविष्य में वे इग्नू द्वारा प्रारंभ किए गए एम.ए. गीता अध्ययन कार्यक्रम में भी प्रवेश लेने की इच्छा रखते हैं।
श्री डोगरा की यह प्रेरणादायक यात्रा इस बात का प्रमाण है कि इग्नू मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से आयु, भौगोलिक दूरी और व्यक्तिगत परिस्थितियों की सीमाओं से परे शिक्षा के अवसर उपलब्ध करा रहा है।
उनका जीवन हम सभी को यह संदेश देता है कि सीखने की कोई उम्र नहीं होती और अपने सपनों को पूरा करने के लिए कभी देर नहीं होती।
यह प्रेरणादायक कहानी डॉ. स्वप्निल गुप्ता, सहायक क्षेत्रीय निदेशक, इग्नू क्षेत्रीय केंद्र शिमला, हिमाचल प्रदेश द्वारा संकलित की गई है।









