
संवेदनशील एवं दुर्घटना-प्रवण खंडों की निगरानी बढ़ाई
शिमला 02 जुलाई 2026, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों पर चालू मानसून मौसम के दौरान यातायात की सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए व्यापक उपाय किए हैं।
भूस्खलन, ढलान विफलता, मलबा जमा होना, बाढ़ तथा अन्य मानसून संबंधी जोखिमों से प्रभावित संवेदनशील स्थानों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर रोकथाम के उपाय लागू किए गए हैं।
एनएचएआई ने राज्य में राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क पर संवेदनशील एवं भूस्खलन-प्रवण खंडों का विस्तृत सर्वेक्षण किया है। इन आकलनों के आधार पर चिन्हित स्थानों पर सुधार कार्य शुरू किए गए हैं। इनमें में पहाड़ी सुरक्षा कार्य, ढलान स्थिरीकरण, रिटेनिंग दीवारें, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम, एंटी-इरोशन उपाय तथा अन्य सुरक्षा कार्य शामिल हैं, जिन्हें राजमार्ग अवसंरचना की मजबूती बढ़ाने और प्रतिकूल मौसम की स्थिति के प्रभाव को कम करने के लिए क्रियान्वित किया गया है।
पिछले मानसून सीजनों में गंभीर रूप से प्रभावित स्थानों पर विशेष ध्यान दिया गया है। तत्काल रोकथाम उपायों के साथ-साथ एनएचएआई ने स्थायी समाधान भी तैयार किए हैं, जिनमें पुलों का निर्माण, सुरक्षा संरचनाएं तथा अन्य महत्वपूर्ण अवसंरचना शामिल हैं, ताकि इन खंडों की दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित हो सके।
हिमालयी क्षेत्र की चुनौतीपूर्ण भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए, एनएचएआई ने निगरानी और आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र को मजबूत किया है, ताकि किसी भी अप्रत्याशित घटना में व्यवधान को न्यूनतम रखा जा सके और यातायात की शीघ्र बहाली की जा सके। राज्य भर के संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त मशीनरी, तकनीकी विशेषज्ञ, फील्ड कर्मी और आपातकालीन उपकरण रणनीतिक रूप से तैनात किए गए हैं। पूरे मानसून मौसम के दौरान इन स्थानों की निरंतर निगरानी की जा रही है।
एनएचएआई जिला प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ निकट समन्वय में कार्य कर रहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति का त्वरित और प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित हो सके।एनएचएआई हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और निर्बाध यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
भारी वर्षा के दौरान यात्रा करते समय यात्रियों से सतर्क रहने और संबंधित अधिकारियों द्वारा जारी यातायात सलाह का पालन करने की अपील की जाती है। आपात स्थिति में संपर्क करें:
राष्ट्रीय राजमार्गों पर किसी भी प्रकार की आपात स्थिति (दुर्घटना, भूस्खलन, सड़क अवरोध या अन्य घटना) होने पर यात्रियों को तुरंत सहायता के लिए एनएचएआई नेशनल हाईवे हेल्पलाइन 1033 पर संपर्क करने, स्थानीय पुलिस, जिला प्रशासन या संबंधित प्रोजेक्ट कंट्रोल रूम से सहायता लेने की सलाह दी जाती है।








