सबकी खबर , पैनी नज़र

LIVE TV

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

March 25, 2026 11:16 pm

वर्ष 2024 में राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में कमी

शिमला 07 जनवरी, 2025: सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के प्रति राज्य सरकार के ठोस प्रयासों के परिणामस्वरूप वर्ष 2024 के दौरान राज्य में सड़क दुर्घटनाओं और मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आई है। वर्ष 2023 की तुलना में हिमाचल प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं में 6.48 प्रतिशत की कमी आई है। वर्ष 2024 में 2107 दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि वर्ष 2023 में 2253 दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। सड़क दुर्घटनाओं के कारण होने वाली मृत्यु की दर में भी कमी हुई गई। विभिन्न सड़क दुर्घटनाओं में वर्ष 2024 में 806 लोगों, जबकि वर्ष 2023 में 892 लोगों की मृत्यु हुई। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की संख्या भी वर्ष 2023 में 3449 से घटकर वर्ष 2024 में 3290 हो गई।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं और इनसे होने वाली आकस्मिक मृत्य दर में कमी सरकार, कानून प्रवर्तन एजेंसियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का प्रमाण है। पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार ने बहुमूल्य जीवन बचाने के लिए अनेक पहल की हैं।
वर्तमान राज्य सरकार ने जिम्मेदार ड्राइविंग, सड़क के बुनियादी ढांचे में सुधार और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को लागू करने के लिए जागरूकता अभियान शुरू किए हैं। राज्य सरकार के प्रयासों से यातायात नियमों का प्रवर्तन मजबूत हुआ है और दुर्घटना पीड़ितों को समय पर चिकित्सा सहायता आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली भी सुदृढ़ हुई है।
राष्ट्रीय पृष्ठभूमि के संदर्भ में यह उपलब्धि विशेष रूप से सराहनीय है। वर्ष 2023 में भारत में सड़क दुर्घटनाओं और मौतों में वृद्धि देखी गई, जिसमें लगभग 1.73 लाख मौतें और लगभग 4.63 लाख घायलों की रिपोर्ट की गई। इसके अलावा, प्रतिदिन औसतन 474 मौतें या हर तीन मिनट में एक व्यक्ति की जान जाती है। वर्ष 2024 के लिए भारत में सड़क दुर्घटनाओं के आधिकारिक आंकड़े अभी जारी नहीं किए गए हैं और बाद में उपलब्ध होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं और मौतों में कमी आई हैै। प्रदेश सरकार सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देना जारी रखेगी और आने वाले वर्षों में दुर्घटनाओं को और कम करने के लिए और अधिक उपायों को लागू करेंगी।
मुख्यमंत्री ने राज्य के लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, तेज गति से वाहन न चलाने और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ सहयोग करने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सुरक्षित सड़कें बनाने के मिशन में जन भागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मानव जीवन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा राज्य भर में सड़क सुरक्षा को और बेहतर बनाने के हर संभव प्रयास सुनिश्चित करेगी।