सबकी खबर , पैनी नज़र

July 16, 2026 11:27 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

July 16, 2026 11:27 pm

सचिव (विद्युत) ने नेपाल में एसजेवीएन की 900 मेगावाट अरुण-3 जलविद्युत परियोजना की प्रगति की समीक्षा की

शिमला, 16 जुलाई  2026,भारत सरकार के सचिव (विद्युत) श्री पंकज अग्रवाल ने आज नेपाल में एसजेवीएन की 900 मेगावाट अरुण-3 जलविद्युत

परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण एसजेवीएन इस क्रॉस-बार्डर जलविद्युत परियोजना को अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली अधीनस्थ कंपनी, एसजेवीएन अरुण-3 पावर डेवलपमेंट कंपनी (एसएपीडीसी) के माध्यम से विकसित कर रहा है।

नेपाल में सचिव (विद्युत) के साथ उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल में भारत के राजदूत श्री नवीन श्रीवास्तव, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) के अध्यक्ष श्री घनश्याम प्रसाद, विद्युत मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव (हाइड्रो) श्री दिवाकर नाथ मिश्रा, विद्युत मंत्रालय के संयुक्त सचिव (पारेषण) श्री पंकज कुमार तथा श्री राजेश कुमार चंदेल, निदेशक (परियोजनाएँ), एसजेवीएन के साथ-साथ भारत सरकार के विद्युत मंत्रालय, नेपाल स्थित भारतीय दूतावास, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए), एसजेवीएन तथा एसएपीडीसी के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहे।

दौरे की शुरुआत पुखुवा स्थित भूमिगत विद्युतगृह स्थल के निरीक्षण से हुई, जहाँ प्रतिनिधिमंडल ने सिविल एवं इलेक्ट्रो-मैकेनिकल कार्यों सहित परियोजना के अन्य प्रमुख घटकों की प्रगति की समीक्षा की। प्रतिनिधिमंडल को चल रहे निर्माण कार्यों, कार्यान्वयन रणनीति तथा परियोजना की विभिन्न उपलब्धियों के बारे में जानकारी दी गई। इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने फाक्सिंडा में बांध स्थल का दौरा किया तथा बांध संरचना, इनटेक की व्यवस्था और परियोजना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण अवसंरचनाओं सहित सिविल कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया।
समीक्षा के दौरान श्री पंकज अग्रवाल ने चुनौतीपूर्ण हिमालयी भू-भाग में क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण जलविद्युत परियोजनाओं में से एक के सफल क्रियान्वयन हेतु एसजेवीएन एवं एसएपीडीसी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने परियोजना में अब तक प्राप्त प्रगति की प्रशंसा करते हुए परियोजना टीम  को गुणवत्ता, सुरक्षा तथा पर्यावरणीय सततता के सर्वोच्च मानकों का पालन सुनिश्चित करते हुए वर्तमान कार्यगति को बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
श्री राजेश कुमार चंदेल, निदेशक (परियोजनाएँ) एसजेवीएन ने परियोजना टीम से आह्वान किया कि वे परियोजना के क्रियान्वयन में उत्कृष्टता बनाए रखते हुए निर्धारित समय-सीमा के अनुसार परियोजना के कमीशनिंग लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु अपने प्रयास निरंतर जारी रखें।
एसएपीडीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री पंकज चौधरी ने प्रतिनिधिमंडल को परियोजना के विभिन्न निर्माण पैकेजों की प्रगति, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन पहलों, सामुदायिक विकास कार्यक्रमों तथा पर्यावरण प्रबंधन उपायों की स्थिति से अवगत कराया।
900 मेगावाट अरुण-3 जलविद्युत परियोजना एसजेवीएन की एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय परियोजना है तथा भारत-नेपाल ऊर्जा सहयोग में एक महत्वपूर्ण पहलहै। कमीशनिंग के उपरांत, यह परियोजना स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ-साथ क्षेत्रीय ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करेगी तथा भारत -नेपाल के मध्य दीर्घकालिक साझेदारी को अत्यधिक सशक्त बनाएगी।