सबकी खबर , पैनी नज़र

June 10, 2026 6:27 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

June 10, 2026 6:27 pm

शिमला के गेयटी थिएटर में श्यामला मंथन का हुआ आयोजन

शिमला 10 जून, 2026, उपायुक्त ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता, विद्यार्थियों का बढ़या हौंसला

अंतरराष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव-2026 के तीसरे दिन आज शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में श्यामला मंथन का आयोजन किया गया जिसमें जिला के विभिन्न स्कूलों के 24 विद्यार्थियों ने हिंदी व अंग्रेज़ी भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया।
कार्यक्रम में उपायुक्त एवं अध्यक्ष अंतर्राष्ट्रीय शिमला ग्रीष्मोत्सव आयोजन समिति अनुपम कश्यप ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को स्कूली पढ़ाई के साथ-साथ साहित्य, विशेषकर हमारी समृद्ध संस्कृति से संबंधित साहित्य को भी पढ़ना चाहिए ताकि संस्कृति को विरासत के तहत संरक्षित रखा जा सके।
उन्होंने कहा कि हिमाचल को चिट्टा मुक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सुक्खू के निर्देशों की अनुपालना के तहत श्यामला मंथन का आयोजन किया गया ताकि युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर साहित्य से जुड़े और एक सशक्त समाज का निर्माण हो सके। उन्होंने बताया कि विजेता प्रतिभागियों के भाषण की वीडियो को उपायुक्त शिमला के आधिकारिक पेज पर अपलोड किया जाएगा।
उपायुक्त ने विजेताओं को किया सम्मानित
अनुपम कश्यप ने श्यामला मंथन के तहत आयोजित हिंदी भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली आई.वी.वाय इंटरनेशनल स्कूल की पूर्णिमा को प्रशस्ति पत्र व 51 हजार रुपए की राशि, द्वितीय स्थान हासिल करने वाली राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला फागली की अक्षिता को प्रशस्ति पत्र व 31 हजार रुपए की राशि और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली डी.ए.वी लक्कड़ बाजार की भूमिका शर्मा को प्रशस्ति पत्र व 21 हजार रुपए की राशि प्रदान की। उन्होंने बताया कि अगले वर्ष से ईनाम की राशि को बढ़ाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक विद्यालय इस प्रतियोगिता से जुड़ सकें।
इसके अलावा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लक्कड़ बाजार की पलक जस्टा और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय टुटीकंडी की खुशबू को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 05-05 हज़ार रुपए की राशि प्रदान की गई।
इसी प्रकार अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय फागली की पायल ठाकुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया जिन्हें प्रशस्ति पत्र व 51 हजार रुपए की राशि, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली मोनाल पब्लिक स्कूल की आरिका को प्रशस्ति पत्र व 31 हजार रुपए की राशि तथा तीसरे स्थान पर रहे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छोटा शिमला के दिव्यांश को 21 हजार रुपए की राशि व प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।  इसके अलावा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लक्कड़ बाजार की काव्या धाजन और सेंट एडवर्डस शिमला के ऐतिष शर्मा को सांत्वना पुरस्कार के रूप में 05-05 हज़ार रुपए की राशि प्रदान की गई।
अन्य सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र व 3100 रुपए की राशि भी प्रदान की गई।
श्यामला मंथन में निर्णायक दल के रूप में पूर्व निदेशक सूचना एवं जन संपर्क आरती गुप्ता, चेयरमैन हिंदी विभाग हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय समरहिल डॉ. भवानी सिंह व सहायक प्राध्यापक यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज डॉ. सीमा कश्यप उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रोटोकॉल ज्योति राणा व उपनिदेशक उच्च शिक्षा लेख राज भारद्वाज सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित रहे।