सबकी खबर , पैनी नज़र

August 7, 2026 7:02 pm

सबकी खबर, पैनी नज़र

सबकी खबर, पैनी नज़र

August 7, 2026 7:02 pm

‘मेरा युवा भारत’ के तीन दिवसीय ‘फ्यूचर यूथ लीडर्स बूटकैंप’ का सफल समापन

35 युवा साथियों ने प्रस्तुत किए अपने लीडरशिप एक्शन प्लान

शिमला, 07 अगस्त 2026, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की महत्त्वाकांक्षी पहल ‘मेरा युवा भारत (MY Bharat)’ के तत्वावधान में राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान (SIHFW), परिमहल, शिमला में आयोजित तीन दिवसीय ‘फ्यूचर यूथ लीडर्स बूटकैंप’ (Future Youth Leaders’ Bootcamp) का आज सफलतापूर्वक समापन हुआ। 5 से 7 अगस्त 2026 तक आयोजित इस गहन क्षमता-विकास कार्यक्रम में जिला शिमला के 35 चयनित युवा प्रतिभागियों ने भाग लिया।

बूटकैंप का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, प्रभावी संचार कौशल, नीति-निर्माण की समझ, सामुदायिक सहभागिता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना था, ताकि वे ‘विकसित भारत @2047’ के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
समापन दिवस पर सभी 35 प्रतिभागियों ने अपने-अपने ‘लीडरशिप एक्शन प्लान’ (Leadership Action Plan) प्रस्तुत किए, जिनमें उन्होंने अपने क्षेत्रों में सामाजिक जागरूकता, युवा सहभागिता, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा सामुदायिक विकास से संबंधित पहल करने की रूपरेखा साझा की।
कार्यक्रम के दौरान Heartfulness संस्था  से जुड़े डॉ. अमरजीत सिंह, कुमारी बबली कंवर एवं श्री मनोज गुप्ता ने प्रतिभागियों को नेतृत्व विकास, प्रभावी भाषा एवं संचार कौशल तथा ध्यान (मेडिटेशन) के महत्व से अवगत कराया। वहीं श्रीमती ममता पॉल, जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिमला ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

इसके अतिरिक्त डॉ. अनीता, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने प्रतिभागियों को    ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत निक्षय मित्र पहल से जोड़ा तथा सभी प्रतिभागियों का पंजीकरण करवाया। उन्होंने युवाओं के साथ इस विषय पर विस्तृत चर्चा की कि वे अपने-अपने गांवों एवं समुदायों में लोगों को स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण से संबंधित सरकारी योजनाओं से किस प्रकार जोड़ सकते हैं।
समापन समारोह में श्री सचिन शर्मा, भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी, शिमला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए तथा उनके लीडरशिप एक्शन प्लान और प्रस्तुतीकरण की सराहना करते हुए युवाओं को समाज एवं राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का औपचारिक समापन श्री विपिन कुमार, उप निदेशक, मेरा युवा भारत, शिमला द्वारा किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, विशेषज्ञ वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए युवाओं को बूटकैंप की सफल पूर्णता पर बधाई दी।
अपने समापन संबोधन में श्री विपिन कुमार ने कहा, *“यह बूटकैंप केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के भावी नेतृत्व को तैयार करने की एक राष्ट्रव्यापी पहल है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि यहां से प्रशिक्षित होकर निकलने वाले सभी 35 युवा साथी अपने-अपने गांवों और शहरों में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनेंगे तथा ‘मेरा युवा भारत’ के विजन को जमीनी स्तर पर साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।”*
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण, युवा नेतृत्व एवं सामुदायिक विकास के प्रति नए उत्साह और संकल्प के साथ हुआ।