शिमला (हिमदेव न्यूज़) 12 अगस्त 2022 दूरदर्शन कर रहा “स्वराज” भारत के स्वतंत्रता संग्राम की समग्र गाथा सीरीयल की शुरुआत,14 अगस्त रात 9 बजे से डीडी नेशनल पर होगा प्रसारण, स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को किया जायेगा प्रसारित। युवाओं को आज़ादी के इतिहास की जानकारी और देश भक्ति पैदा करने के मकसद से दूरदर्शन “स्वराज” (भारत के स्वतंत्रता संग्राम की समग्र गाथा ) सीरियल की श्रृंखला शुरू कर रहा है जिसका पहला एपिसोड 14 अगस्त को रात 9 बजे डीडी नेशनल पर प्रसारित किया जायेगा। कुल 75 एपिसोड दिखाए जाएंगे।इस सीरियल में स्वतन्त्रता संग्राम के महान नायकों के बलिदानों की बहुत सी अनसुनी कहानियों को पिरोया गया है। दूरदर्शन केन्द्र शिमला के कार्यक्रम प्रमुख अमरेंद्र कुमार ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि सीरियल की 9 क्षेत्रीय भाषाओं और अंग्रेज़ी में डबिंग की जा रही है । क्षेत्रीय भाषाओं में सीरियल का प्रसारण 20 अगस्त से दूरदर्शन के रीजनल चैनलों पर रात्रि 8 से 9 बजे किया जायेगा। इस सीरियल को 20 अगस्त से आकाशवाणी के विभिन्न केंद्रों द्वारा भी प्रसारित किया जाएगा।इस सीरियल का आरंभ उस दौर से होता है जब 1498 में वास्को डि गामा ने भारत की धरती पर कदम रखा था । फिर पुर्तगालियों , फ्रांसीसियों , डच और अंग्रेजों ने भारत में उपनिवेश स्थापित करने के प्रयत्न किए । उस दौर से प्रारंभ होकर भारत के आजाद होने तक के संघर्ष और हमारे स्वाधीनता के नायकों की गौरव गाथा को इस सीरियल में संजोया गया है ।ख़ास बात यह है कि इस कहानी में केवल मंगल पांडे , रानी लक्ष्मीबाई और भगतसिंह जैसे जाने – माने नायकों के किस्से ही शामिल नहीं हैं बल्कि इस सीरियल में अनसुने और भूले – बिसरे नायकों और वीरांगनाओं जैसे रानी अबक्का , बक्शी जगबंधु , तिरोत सिंह , सिद्धो कान्हो मुर्मु , शिवप्पा नायक , कान्होजी आंग्रे , रानी गाइदिन्ल्यू और तिलका मांझी जैसे वीर योद्धाओं की कहानियां भी शामिल की गई हैं जिनका बलिदान अनसुना – अनकहा रह गया। इस मौके पर उपमहानिदेशक डीडीके शिमला गुरबिंदर सिंह ने सभी आंगतुको का स्वागत किया।








